चित्तौड़गढ़ (मुकेश मूंदड़ा )। शहर में ठगी और चोरी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक युवक, जो अपने सेठ के कहने पर 50 लाख रुपये की बड़ी नकदी लेकर भीलवाड़ा जा रहा था, शातिर बदमाशों का शिकार हो गया। बदमाशों ने बस में युवक को अपनी बातों के जाल में उलझाया और फिल्मी अंदाज में कार से आकर बैग लेकर फरार हो गए। मामला करीब 27 दिन पुराना है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, गुजरात के चारडा निवासी विजयभाई राजपूत, जो चित्तौड़गढ़ में चारण ट्रैवल्स के संचालक राघवेन्द्र देथा के यहां काम करता है, को उसके सेठ ने 15 अप्रैल को 50 लाख रुपये भीलवाड़ा पहुंचाने की जिम्मेदारी दी थी। 16 अप्रैल की सुबह करीब 4ः50 बजे विजयभाई नकदी से भरा बैग लेकर चित्तौड़गढ़ के कलेक्ट्रेट चौराहे से आरटीसी ट्रैवल्स की बस में सवार हुआ। सफर के दौरान उसकी बगल वाली सीट पर बैठे एक अज्ञात युवक ने उसे बातों में लगाकर उसका भरोसा जीत लिया। जब बस कान्याखेड़ी गांव के पास पहुंची, तो पीछे से आ रही एक बिना नंबर की सफेद बलेनो कार ने बस को रुकवाया। कार में सवार दो युवक नीचे उतरे। बस में विजय के पास बैठा युवक भी उनके साथ नीचे उतर गया। आरोपियों ने विजय को भी बहला-फुसलाकर बस से नीचे उतार लिया। इसी गहमागहमी और बातचीत के बीच, आरोपियों ने नजर बचाकर 50 लाख रुपये की नकदी और मोबाइल से भरा बैग पार कर दिया और कार में सवार होकर रफूचक्कर हो गए। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात रिपोर्ट दर्ज कराने में हुई 27 दिनों की देरी है। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद सेठ और कंपनी मैनेजर अशोक भाई पटेल को अपने ही नौकर विजय पर शक था, जिसके कारण उन्होंने पहले उसके खिलाफ ही जांच करवाई। लूट का शिकार हुआ विजय इस घटना के बाद सदमे में चला गया था और अपने गांव गुजरात लौट गया था। कोतवाली थानाधिकारी तुलसीराम ने बताया कि जब सेठ को अपने स्तर पर यह पुख्ता हो गया कि विजय निर्दाेष है और वारदात किसी बाहरी गिरोह ने की है, तब विजय को वापस बुलाकर मामला दर्ज कराया गया। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। वर्तमान में बस के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और उन संदिग्धों की पहचान की जा रही है जो वारदात के समय बस में मौजूद थे या जिन्होंने कार से बस का पीछा किया। फिलहाल पुलिस बलेनो कार और तीनों आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। इतनी बड़ी रकम का सरेआम चोरी हो जाना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

