उदयपुर। टाई उदयपुर द्वारा आयोजित होने वाले टाईकॉन उदयपुर 2026 को लेकर प्रेसवार्ता आयोजित की गई, जिसमें सम्मेलन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी मीडिया के साथ साझा की गई। प्रेसवार्ता में टाई उदयपुर के प्रेसीडेंट संदीप बापना, टाईकॉन चेयर हितेश गांधी, को-चेयर परिक्षित तलेसरा, विनय राठी, मनीष गोधा, जाकी चक्कीवाला, दीपेश कोठारी, अंकित तलेसरा, हसीना चक्कीवाला तथा टाई उदयपुर के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राहुल जीनगर उपस्थित रहे।
टाईकॉन चेयर हितेश गांधी ने बताया कि टाईकॉन उदयपुर 2026 का आयोजन 20 मार्च को मैरियट होटल, उदयपुर में किया जाएगा। इस वर्ष सम्मेलन की थीम “भारत की अगली छलांग” रखी गई है, जो देश में तेजी से बढ़ते स्टार्टअप और नवाचार इकोसिस्टम को दर्शाती है। यह आयोजन केवल एक सम्मेलन नहीं बल्कि उद्यमिता, नवाचार और प्रेरणा का एक बड़ा मंच है, जहाँ देशभर से उद्यमी, निवेशक, स्टार्टअप फाउंडर्स और उद्योग विशेषज्ञ एक साथ आएंगे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सम्मेलन में 600 से अधिक उद्यमी, निवेशक, स्टार्टअप संस्थापक और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में 25 से अधिक प्रतिष्ठित वक्ता अपने अनुभव साझा करेंगे, जिनमें देश के जाने-माने उद्यमी, निवेशक और इंडस्ट्री लीडर्स शामिल होंगे।
मनीष गोधा ने बताया कि इस वर्ष सम्मेलन को दो प्रमुख ट्रैक में आयोजित किया जाएगा। पहला बिग पिक्चर ट्रैक होगा, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई टेक्नोलॉजी के व्यापक प्रभाव पर चर्चा की जाएगी। दूसरा एक्जीक्यूशन ट्रैक होगा, जिसमें बिज़नेस को जमीन पर उतारने, नए प्रोडक्ट डेवलपमेंट, स्केलिंग और वास्तविक इम्प्लीमेंटेशन से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम को विशेष रूप से निवेशकों और संस्थापकों द्वारा क्यूरेट किया गया है, ताकि प्रतिभागियों को वास्तविक और उपयोगी अनुभव प्राप्त प्त हो सके। सम्मेलन के दौरान प्रतिभागियों के लिए नेटवर्किंग और कनेक्शन बनाने के लिए विशेष मीटिंग स्लॉट्स भी उप निवेशकों और विशेषज्ञों से जुड़ सकेंगे।
टाई उदयपुर के प्रेसीडेंट संदीप बापना ने कहा कि टाईकॉन उदयपुर का उद्देश्य केवल एक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं बल्कि दक्षिण राजस्थान में मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम तैयार करना है। उन्होंने बताया कि टाई उदयपुर पिछले कई वर्षों से युवाओं और उद्यमियों को मेंटरशिप, नेटवर्किंग और निवेश से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष सम्मेलन का विशेष फोकस स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करने, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को अपनाने और युवाओं व छात्रों को उद्यमिता की ओर प्रेरित करने पर रहेगा। टाईकॉन जैसे मंच युवाओं को बड़े उद्यमियों और निवेशकों से सीधे जुड़ने का अवसर देते हैं, जिससे उनके विचारों को सही दिशा और मार्गदर्शन मिलता है।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में टाईकॉन उदयपुर से कई सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। शुरुआत छोटे स्तर से हुई थी, लेकिन हर वर्ष इसका प्रभाव बढ़ता गया है। पिछले वर्ष लगभग 11 से 12 स्टार्टअप्स को वास्तविक निवेश और फंडिंग प्राप्त हुई, जिससे कई नए उद्यमों को आगे बढ़ने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि टाई उदयपुर केवल बड़े शहरों के स्टार्टअप्स तक सीमित नहीं है बल्कि ग्रामीण और छोटे शहरों के स्टार्टअप्स को भी समान अवसर देने का प्रयास कर रहा है। उदाहरण के रूप में एक स्टार्टअप जीटीके को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जापान से निवेश प्राप्त हुआ, जो इस मंच की प्रभावशीलता को दर्शाता है।
टाई एक वैश्विक उद्यमिता संगठन है जिसकी स्थापना सिलिकॉन वैली में हुई थी और आज यह दुनिया के कई देशों में सक्रिय है। टाई उदयपुर चैप्टर दक्षिण राजस्थान में उद्यमिता की संस्कृति को मजबूत करने के लिए कार्य कर रहा है। संगठन में चार्टर मेंबर और एसोसिएट मेंबर जैसी श्रेणियाँ होती हैं और वर्तमान में 100 से अधिक सदस्य इससे जुड़े हुए हैं। इसके अलावा महिला उद्यमियों के लिए भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
पदाधिकारियों ने एक उदाहरण साझा करते हुए बताया कि “द किंगडम ऑफ चेस” नामक एक प्रोजेक्ट, जो एक यूनिवर्सिटी से जुड़ा हुआ है, उसमें लगभग 25 लाख रुपये का निवेश किया गया है। ऐसे कई प्रयासों के माध्यम से टाई उदयपुर युवाओं और स्टार्टअप्स को आगे बढ़ने का मंच प्रदान कर रहा है।
टाईकॉन उदयपुर 2026 के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, जिनमें कीनोट सेशन, पैनल चर्चा, फायरसाइड बातचीत, मास्टरक्लास, स्टार्टअप पिचिंग और इन्वेस्टर कनेक्ट जैसे महत्वपूर्ण सत्र शामिल होंगे। इससे प्रतिभागियों को उद्योग के अग्रणी विशेषज्ञों से सीधे सीखने और संवाद करने का अवसर मिलेगा।
आयोजकों के अनुसार टाईकॉन उदयपुर 2026 का उद्देश्य दक्षिण राजस्थान को एक मजबूत स्टार्टअप और इनोवेशन हब के रूप में स्थापित करना है, जहाँ से नए विचार, नए व्यवसाय और नई संभावनाएँ जन्म लें। प्रेस वार्ता में मीडिया प्रतिनिधियों से इस आयोजन को व्यापक रूप से प्रसारित करने का आग्रह भी किया गया।
टाईकॉन उदयपुर 2026 : दक्षिण राजस्थान का सबसे बड़ा उद्यमिता सम्मेलन 20 मार्च को
