उदयपुर। श्रीमाली ब्राह्मण समाज संस्था मेवाड़ द्वारा आगामी 8 फरवरी 2027 को उदयपुर स्थित श्री संस्कार भवन परिसर में सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर समाज के पदाधिकारियों ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी है। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के बालकों का वैदिक विधि-विधान के साथ यज्ञोपवीत संस्कार संपन्न कराया जाएगा।
संस्था अध्यक्ष दिग्विजय श्रीमाली की अध्यक्षता में श्री संस्कार भवन में आयोजित बैठक में इस आयोजन सहित वर्षभर की गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और वार्षिक कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में संस्था के प्रगति प्रतिवेदन की समीक्षा करते हुए सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
आगामी वर्ष में समाज के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न वर्गों के लिए अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। युवाओं के लिए कैरियर मार्गदर्शन शिविर एवं खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, वहीं बाल एवं किशोर वर्ग के लिए संस्कार शिविर लगाए जाएंगे। युवाप्रकोष्ठ द्वारा आश्विन नवरात्र के दौरान गरबा महोत्सव आयोजित किया जाएगा, जबकि महिला संगठन की ओर से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योग कार्यक्रम रखा जाएगा। आगामी वर्ष में संस्था द्वारा श्रेष्ठ चिकित्सा संस्थानों के सहयोग से स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। साथ ही सामाजिक एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस वर्ष अनंत चतुर्दशी का सामूहिक उद्यापन भी किया जाएगा। बैठक के दौरान ही संस्कार भवन के विकास हेतु विधिमंत्री मनीष श्रीमाली एवं उपेश त्रिवेदी ने एक-एक लाख रुपए का सहयोग राशि चेक के माध्यम से संस्था को भेंट कर ट्रस्ट के कार्यों में योगदान दिया।
बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओमशंकर श्रीमाली, उपाध्यक्ष रमेश श्रीमाली, गिरीश श्रीमाली, अरविंद श्रीमाली, संयुक्त महामंत्री भावप्रकाश श्रीमाली, मंत्री जयंत श्रीमाली, संगठन मंत्री कुंदनलाल श्रीमाली, अनीश श्रीमाली, सांस्कृतिक मंत्री जमनालाल श्रीमाली, कोषाध्यक्ष गौरीशंकर श्रीमाली, खेल मंत्री मयंक श्रीमाली, मेवाड़ युवा अध्यक्ष प्रफुल्ल श्रीमाली, महिला अध्यक्ष रेखा श्रीमाली, महामंत्री दीप्ति श्रीमाली सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।
श्रीमाली ब्राह्मण समाज मेवाड़ की वार्षिक कार्ययोजना तय, 8 फरवरी 2027 को यज्ञोपवीत संस्कार
