राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आगाज़

चित्तौड़गढ़ (मुकेश मूंदड़ा)। ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन के निर्देशानुसार एवं राजस्थान फुटबॉल एसोसिएशन के मार्गदर्शन में जिला फुटबॉल संघ द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का सोमवार सुबह सैनिक स्कूल मैदान में अत्यंत भव्य और उत्साहपूर्ण वातावरण में शुभारंभ हुआ। चार दिवसीय इस खेल महाकुंभ के उद्घाटन अवसर पर मैदान खिलाड़ियों के जोश, दर्शकों की तालियों और खेल भावना से सराबोर नजर आया। प्रतियोगिता उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक चंद्रभान सिंह आक्या रहे, जबकि अध्यक्षता जिला फुटबॉल संघ अध्यक्ष पूरण आंजना ने की। विशिष्ट अतिथियों में राजस्थान फुटबॉल एसोसिएशन के सेक्रेटरी दिलीप सिंह शेखावत, नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी, हर्षवर्धन रुद, सुभाष चन्द्र शारदा, जिला फुटबॉल संघ कोषाध्यक्ष मनोज पारख, रामकिशन चौधरी, शैलेन्द्र झंवर, नारायण सिंह बड़ौली, शकील अहमद, रफीक अहमद, सुनील राव, दिनेश सिंह, राजेन्द्र सिंह एवं कोच तरुण रॉय भी मौजूद रहे। धर्मेन्द्र सिंह तंवर, फैसल खान, शकील अहमद मंसूरी, शाहिद हुसैन, रफीक खान एवं उनकी टीम ने अतिथियों का मेवाड़ी परंपरा के अनुरूप पगड़ी एवं उपरणा ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत-अभिनंदन किया। समारोह का सजीव और प्रभावी संचालन शाहिद हुसैन ने किया। प्रतियोगिता के उद्घाटन दिवस पर खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, आक्रामक रणनीति और शानदार फुटवर्क का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मैदान 1 पर खेले गए मुकाबले में जयपुर ने दमदार प्रदर्शन करते हुए डूंगरपुर को 2-0 से पराजित किया। 2 पर पाली की टीम ने संगठित खेल का परिचय देते हुए सिरोही को 2-0 से शिकस्त दी। इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों की टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें 500 से अधिक खिलाड़ी अपने हुनर का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस प्रतियोगिता से चयनित प्रतिभावान खिलाड़ी राजस्थान टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे, जो इसी माह छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे।

Creative from India to the World