उदयपुर। विश्व होम्योपैथी दिवस के अवसर पर होम्योपैथी के जनक डॉ. हैनिमैन की 271वीं जयंती के उपलक्ष्य में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रोफेसर एवं वेंकटेश्वर इंस्टीट्यूट ऑफ पेरामेडिकल साइंसेज के प्रिंसिपल प्रोफेसर डॉ. अनंत प्रकाश गुप्ता द्वारा डॉ. हैनिमैन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया एक स्वस्थ और तनावमुक्त जीवन की तलाश में होम्योपैथी की ओर रुख कर रही है तथा सभी को अपनी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर “मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव में होम्योपैथी की भूमिका” विषय पर राष्ट्रीय स्तर की ई-पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का आयोजन कृष्णम होम्योपैथी उदयपुर द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में देशभर से कुल 63 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कर उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। परिणामों में प्रथम डॉ. आस्था सोनी (वडोदरा, गुजरात), द्वितीय अदा अर्शीना खान (उदयपुर) तथा तृतीय स्थान तनमय दुमासिया (सूरत, गुजरात) ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम का मार्गदर्शन डॉ. अनंत प्रकाश गुप्ता द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. मिहिर शकद्वीपिया, डॉ. प्राची शकद्वीपिया, डॉ. सौम्या दर्शना, डॉ. अर्शिया एवं डॉ. हिमांशु धुप्पड़ के साथ-साथ वीरेंद्र कुमार शर्मा, कृष्ण चंद्र मिश्रा, यश जैन, तमन्ना एवं अमन वशिष्ठ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपस्थित सभी वक्ताओं ने होम्योपैथी के सिद्धांतों एवं मानसिक स्वास्थ्य में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।

