पंचायती राज दिवस पर एनएसएस द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

उदयपुर। नेशनल सर्विस स्कीम (एनएसएस), साई तिरूपति यूनिवर्सिटी के तत्वावधान में पंचायती राज दिवस पर स्वयंसेवकों का शैक्षणिक भ्रमण उमरड़ा पंचायत कार्यालय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम विकास अधिकारी, लोकेश पंचोली ने सभी का स्वागत करते हुए ग्राम विकास में पंचायत की भूमिका पर प्रकाश डाला और बताया कि पंचायत न केवल रोगों की रोकथाम बल्कि उपचार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने बताया कि विभिन्न सरकारी योजनाएं गांव स्तर पर जमीनी कार्यकर्ताओं की निरंतर मेहनत और समर्पण के कारण ही प्रभावी रूप से संचालित हो पाती हैं। सरपंच, गोपाललाल मीणा ने पंचायत की संरचना, कार्यप्रणाली एवं विभिन्न विकास कार्यों के लिए बजट प्रबंधन पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का उचित उपयोग कर गांव के विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाया जा सकता है।
समुदाय चिकित्सा विभाग के प्रोफेसर डॉ. योगेश सिंगल ने एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं की स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका तथा उनके द्वारा डिजिटल रिकॉर्ड संधारण की जानकारी दी। डॉ. सुरेश देव ने इस दिवस के महत्व को समझाया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अवंतिका गुप्ता ने समुदाय के समग्र विकास में पंचायत की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए स्वयंसेवकों को कार्बन फुटप्रिंट कम करने एवं प्लास्टिक उपयोग घटाकर पर्यावरण स्वच्छ रखने में उनकी भागीदारी पर जोर दिया।
एएनएम अनीता मीणा ने अपने अनुभव साझा करते हुए सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी। इस दौरान स्वयंसेवकों से पंचायत स्तर पर जनस्वास्थ्य सुधार के लिए उनके सुझाव भी लिए गए। सामाजिक कार्यकर्ता, ताराचंद सालवी एवं भूपेंद्र मालू तथा सभी स्वयंसेवकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अवंतिका गुप्ता ने किया तथा कार्यक्रम की जानकारी एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक दीपक तेली ने प्रदान की।

Creative from India to the World