उदयपुर : सीपीएस स्कूल, उदयपुर में आयोजित जिला अंडर-11 शतरंज चैंपियनशिप 2026 में 8 वर्षीय प्रतिभाशाली खिलाड़ी विआंश भटनागर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक वर्ग का खिताब अपने नाम किया। विआंश ने सभी 5 मुकाबले जीतकर पूरे 5 अंक हासिल किए और पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रहे। विशेष बात यह रही कि हाल ही में विआंश ने जिला अंडर-9 चैंपियनशिप भी बिना एक भी मुकाबला हारे जीती थी और अब अपने से बड़े खिलाड़ियों के बीच अंडर-11 वर्ग में भी खिताब जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता का आयोजन रिबका चेस क्लब एवं कैसल माइंड चेस एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सोनल गर्ग रहीं। प्रतियोगिता के चीफ आर्बिटर कुशल पटेल तथा डिप्टी आर्बिटर रिचींन जैन रहे।
बालक वर्ग में रिधान जैन 4 अंकों के साथ उपविजेता रहे, जबकि गतिक व्यास और श्रेयान गुप्ता ने 4-4 अंक बनाकर क्रमशः तीसरा और चौथा स्थान प्राप्त किया। दिव्यांश माथुर ने 3.5 अंक के साथ पांचवां स्थान हासिल किया। शीर्ष खिलाड़ियों में धनविन शर्मा, विहान करिवाल, सुज्योत काले, अगस्त्य लोढ़ा और धैर्य पगारिया भी शामिल रहे।
बालिका वर्ग में पौषिता पालीवाल ने शानदार खेल दिखाते हुए 3.5 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। विहाना कोठारी 3 अंकों के साथ उपविजेता रहीं, जबकि सांची जैन, जेसवी चौबीसा और मनन्या चौधरी ने क्रमशः तीसरे से पांचवें स्थान तक स्थान प्राप्त किया। शीर्ष 10 में वीरा कागे, प्रिशा कटारिया, वृधि वलेचा, खुशी पगारिया और हृद्यांशी दीक्षित ने भी जगह बनाई।
संघ के सचिव इंद्र कुमार प्रजापत ने बताया कि प्रतियोगिता के आधार पर बालक वर्ग से विआंश भटनागर एवं रिधान जैन, जबकि बालिका वर्ग से पौषिता पालीवाल एवं विहाना कोठारी का चयन आगामी राजस्थान स्टेट अंडर-11 शतरंज चैंपियनशिप 2026 के लिए किया गया है। प्रतियोगिता के समापन पर विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए उदयपुर में शतरंज के बढ़ते स्तर की शानदार मिसाल पेश की।

