चित्तौड़गढ़ (मुकेश मूंदड़ा )। जिले में पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी और उमस के बीच अचानक मौसम ने करवट बदली है। शहर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पिछले एक घंटे से तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश का दौर जारी है, जिससे मौसम सुहावना हो गया। पिछले कई दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही थी, जिससे आमजन बेहाल था। लेकिन सोमवार दोपहर बाद अचानक आसमान में काले बादलों ने डेरा डाला और देखते ही देखते मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को चुभती गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है। बारिश का आगाज़ तेज धूल भरी हवाओं और बादलों की भीषण गर्जना के साथ हुआ। शहर के मुख्य चौराहों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बारिश दर्ज की गई। बारिश के साथ चल रही तेज हवाओं ने ठंडक तो बढ़ाई है, लेकिन बिजली आपूर्ति पर इसका आंशिक असर देखने को मिला है। गर्मी से परेशान लोग इस बारिश का आनंद लेते नजर आए। बच्चों और युवाओं ने पहली फुहारों में भीगकर मौसम का लुत्फ उठाया।

