उदयपुर। जीएनएम (जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी) छात्राओं के लिए “एनीमिया की रोकथाम एवं प्रबंधन” विषय पर एक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में एनीमिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में गीतांजली हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं डाइटिशियन द्वारा छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। मुख्य वक्ताओं के रूप में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नलिनी शर्मा, एमडी फिजिशियन डॉ. रवि मंगलिया एवं चीफ डाइटिशियन श्रीमती इंदु सैनी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. डॉ. आलोक रावत (कॉलेज ऑफ नर्सिंग), प्राचार्य प्रो. डॉ. दिनेश कुमार शर्मा (स्कूल ऑफ नर्सिंग) एवं प्रो. डॉ. जयेश पाटीदार (अकादमिक ऑफिसर) द्वारा की गई। कार्यक्रम का आयोजन प्रो. डॉ. विजयम्मा अजमेरा, डीन, गीतांजली कॉलेज ऑफ नर्सिंग के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
डॉ. नलिनी शर्मा ने महिलाओं एवं किशोरियों में एनीमिया के कारण, लक्षण, दुष्प्रभाव तथा बचाव के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। डॉ. रवि मंगलिया ने एनीमिया की जांच, उपचार एवं समय पर पहचान के महत्व को समझाया। श्रीमती इंदु सैनी ने आयरन युक्त आहार, संतुलित भोजन एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में उपयोगी सुझाव दिए।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा प्रश्नोत्तर सत्र में अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

