डॉ. अग्रवाल के आविष्कार को भारत सरकार ने दिया पेटेंट
उदयपुर। उदयपुर शहर के सुप्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ. चिराग अग्रवाल ने अपने करियर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जोड़ते हुए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान हासिल की है। डॉ. चिराग अग्रवाल एवं उनकी टीम के लीडर डॉ. सौरभ तिवारी द्वारा विकसित एक विशेष डेंटल अप्लायंस (उपकरण) को भारत सरकार के पेटेंट विभाग ने पेटेंट प्रदान किया है।
यह नवाचार विशेष रूप से बाल दंत चिकित्सा (पीडियाट्रिक डेंटिस्ट्री) के क्षेत्र में उपयोगी साबित होगा और बच्चों के दंत उपचार को अधिक सरल, प्रभावी एवं सुविधाजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
डॉ. चिराग अग्रवाल ने बताया कि अपनी क्लिनिकल प्रैक्टिस के दौरान उन्होंने हमेशा यह महसूस किया कि मरीजों को जितना आसान और सुलभ उपचार उपलब्ध कराया जाए, उसके परिणाम उतने ही बेहतर और दीर्घकालिक होते हैं। इसी सोच के साथ उन्होंने और डॉ. सौरभ तिवारी ने वर्षों पूर्व इस नवाचार की दिशा में कार्य शुरू किया था।
उन्होंने लगातार अनुसंधान, परीक्षण और सुधार के बाद तैयार किए गए इस विशेष अप्लायंस की उपयोगिता और प्रभावशीलता को विभिन्न चिकित्सकों ने भी अपनी क्लिनिकल प्रैक्टिस में परखा। उनके सहयोग और सुझावों ने इस नवाचार को और अधिक प्रामाणिक एवं उपयोगी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
डॉ. चिराग अग्रवाल ने इस उपलब्धि का श्रेय केवल अपनी टीम को ही नहीं, बल्कि उन सभी दंत चिकित्सकों को भी दिया जिन्होंने इस परियोजना से जुड़कर समय, अनुभव और मेहनत से सहयोग किया। उन्होंने कहा कि यह पेटेंट सामूहिक प्रयास, समर्पण और नवाचार की भावना का परिणाम है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह नवाचार भविष्य में शिशु एवं बाल रोगियों के दंत उपचार को अधिक सुविधाजनक, आरामदायक और प्रभावी बनाने में मददगार सिद्ध होगा। उदयपुर के लिए भी यह उपलब्धि गर्व का विषय है, क्योंकि स्थानीय स्तर पर विकसित इस नवाचार को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त हुई है।

