उदयपुर : गीतांजली मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, उदयपुर की जनरल सर्जरी टीम—डॉ. संजीव अग्रवाल (विभागाध्यक्ष), डॉ. मोहित कुमार बडगुर्जर, एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. अल्का छाबड़ा एवं डॉ. सीमा परतानी, डॉ. कृष्णा ओटी टीम (Hemant, Deepak Sen) ने अथक प्रयासों से 77 वर्षीय महिला के अत्यंत विशाल हर्निया (15 x 20 cm) का जटिल एवं चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन सफलतापूर्वक कर एक बड़ी चिकित्सा उपलब्धि हासिल की है। रायबरेली (उ.प्र.) की यह महिला कई वर्षों से पेट में भारी सूजन, दर्द और चलने-फिरने में कठिनाई जैसी समस्याओं से जूझ रही थीं।


समस्या को समझने के बाद, महिला रोगी के परिवार वालों ने गीतांजली हॉस्पिटल के सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव अग्रवाल से परामर्श लिया, जिन्होंने पूरी स्थिति का विश्लेषण कर एक चरणबद्ध उपचार योजना तैयार की। ऑपरेशन से पहले, डॉ. मोहित कुमार बडगुर्जर के नेतृत्व में सर्जरी टीम ने एक अभिनव तकनीक अपनाई। इसमें रोगी के पेट में कैथेटर डालकर लगभग एक महीने तक एयर इन्फ्लेशन किया गया, जिससे पेट के अंदर की जगह (Abdominal Cavity) धीरे-धीरे बढ़ाई गई और बड़े हर्निया की सर्जरी को सुरक्षित बनाया गया।
इसके बाद डॉ. मोहित कुमार बडगुर्जर व उनकी टीम ने उन्नत तकनीक का उपयोग करके (Posterior Component Separation (Bilateral T.A.R.) हर्निया की सफल सर्जरी की गई। यह प्रक्रिया बड़े आकार के हर्निया के इलाज में अत्यंत चुनौतीपूर्ण मानी जाती है। ऑपरेशन के बाद रोगी की स्थिति तेजी से सुधरी और आज वह सामान्य जीवन जी रही हैं तथा अपने दैनिक कार्य आसानी से कर पा रही हैं। यह उल्लेखनीय सफलता गीतांजली मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के उच्च स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, विशेषज्ञ डॉक्टरों और बहु-विषयक टीमवर्क का प्रमाण है—जो जटिल से जटिल केस का सफल उपचार कर मरीजों को नई जिंदगी प्रदान कर रहा है।
