मृत पेंथर के नाखून काटने के आरोप में एक गिरफ्तार, पांच दिन की रिमांड पर

वन विभाग की टीम ने 12 घंटे के भीतर पकड़ा आरोपी को, नौ नाखून बरामद
उदयपुर।
नयागांव उपखंड क्षेत्र में मृत पैंथर के नाखून काटने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर कोर्ट मे पेश किया गया जिसे कोर्ट ने रिमांड पर भेज दिया। घटना की सूचना मिलने के 12 घंटे के भीतर वन विभाग की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पैंथर के नौ नाखून एवं उन्हे काटने मे प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद करने में सफलता हासिल की।
उप वन संरक्षक मुकेश सैनी ने बताया कि शुक्रवार को चटोल गांव में एक स्थान पर पैंथर का शव मिलने की सूचना मिली। वन विभाग की टीम ने पशु चिकित्सालय खैरवाडा में मेडिकल टीम से मृत पेन्थर का पोस्टमार्टम करवाया। पैंथर के शव के नाखून कटे हुए थे। विभाग की टीम ने  पुलिस, राजस्व, मेडिकल टीम के समक्ष पेन्थर का दाह संस्कार कर दिया। मृत पेन्थर के नाखुन नहीं पाये जाने के कारण वन्यजीव के अंगो की तस्करी की आशंका को देखते हुए सहायक वन संरक्षक सुरेखा चैधरी के नेतृत्व में टीम ने सन्देह के आधार पर चटोल गांव में दबिश देकर अर्जुनलाल पिता वेला सिंह गरासिया के मकान से मृत पेन्थर के नौ नाखून बरामद किये। पूछताछ में आरोपी ने कुल्हाड़ी से नाखून काटना कबूल किया। उसके कब्जे से नाखून काटने में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओ का उल्लंघन के आरोप में अर्जुनलाल को गिरफ्तार किया गया। उसके विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया जिस पर आरोपी को पुलिस रिमांड पर भेजा गया। टीम में क्षेत्रीय वन अधिकारी मोहम्मद फयाज रब्बानी,  पन्नालाल, सोहनलाल प्रजापत, सहायक वनपाल, बहादुर लाल मीणा, वनरक्षक रूपलाल, लाल सिंह शामिल थे।
वन विभाग अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वन्यजीव सम्बन्धी कोई भी घटना कारित होती है या कोई भी वन्यजीव घायल अवस्था या मृत दिखे तो अपने नजदीकी वन चैकी, नाका, रेंज में घटना की जानकारी दें।

Creative from India to the World