रक्तदान, वृक्षारोपण और भोजन सेवा से 21 जुलाई को मनाई जाएगी प्रो. विजय श्रीमाली की पुण्यतिथि, पोस्टर का हुआ विमोचन

उदयपुर। शिक्षाविद्, समाजसेवी एवं पूर्व कुलपति प्रो. विजय श्रीमाली की आठवीं पुण्यतिथि पर 21 जुलाई को प्रोफेसर विजय श्रीमाली फाउंडेशन की ओर से सेवा, संस्कार एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण एवं भोजन सेवा जैसे जनहितकारी कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
फाउंडेशन के जतिन श्रीमाली ने बताया कि कार्यक्रमों की शुरुआत प्रातः 9 से दोपहर 1 बजे तक संस्कार भवन, टाइगर हिल में आयोजित विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर से होगी। इसके अतिरिक्त नटराज किड्स प्लेनेट, बड़गांव में वृक्षारोपण कार्यक्रम तथा शाम को महाराणा भूपाल चिकित्सालय में मरीजों के परिजनों के लिए भोजन सेवा का आयोजन किया जाएगा।
इसी क्रम में संस्कार भवन में रक्तदान शिविर के पोस्टर का विमोचन किया गया। पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में फाउंडेशन के जतिन श्रीमाली, ओमशंकर श्रीमाली, डॉ. देवेंद्र श्रीमाली, गणेश श्रीमाली, जमनालाल ओझा, भूपेंद्र श्रीमाली, ललित त्रिवेदी, भावप्रकाश दशोत्तर, दिनेश श्रीमाली, निशांत श्रीमाली सहित फाउंडेशन के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान शिविर में भाग लेकर मानव सेवा के इस अभियान से जुड़ने की अपील की। फाउंडेशन पदाधिकारियों ने बताया कि प्रो. विजय श्रीमाली का संपूर्ण जीवन शिक्षा, सामाजिक सरोकार और मानवीय मूल्यों के लिए समर्पित रहा। उनकी प्रेरणा से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले ये सेवा कार्य समाज में परोपकार, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को निरंतर आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।

Creative from India to the World