बैंक ऑफ बड़ौदा ने मनाया 119वां स्थापना दिवस  

उदयपुर : बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपना 119वाँ स्थापना दिवस ‘नेतृत्व भरोसे का’ थीम के साथ उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया। इस अवसर पर बैंक द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण, कर्मचारी कल्याण तथा सांस्कृतिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत प्रातः 7 बजे उदयपुर शहर में आयोजित बाइक रैली से हुई, जिसमें बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के उपरांत स्थानीय आमजन के बीच पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। स्वास्थ्य एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए स्टाफ सदस्यों तथा ग्राहकों के लिए क्षेत्रीय कार्यालय में स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया।
शाम को आयोजित सांस्कृतिक संध्या समारोह में बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम ने बैंक परिवार के बीच आपसी सहयोग, सौहार्द और टीम भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।

Creative from India to the World


स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एक दिन पूर्व को बैंक की नई पर्यावरणीय पहल ‘बॉब फॉरेस्ट’ के अंतर्गत नाथद्वारा स्थित कछुवायी बाग में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बैंक के 119वें स्थापना दिवस की स्मृति में 119 पौधों का रोपण किया गया। यह पहल पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।
इस दौरान  उप महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रमुख  मुकेश आनंद मेहरा, सहायक महाप्रबंधक एवं उप क्षेत्रीय प्रमुख  आलोक कुमार सिंह, सहायक महाप्रबंधक एवं एसएमईएलएफ प्रमुख  सिद्धार्थ कुमार, सहायक महाप्रबंधक सौरभ कुमार, बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी, वर्तमान अधिकारी-कर्मचारी तथा उनके परिजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उप महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रमुख मुकेश आनंद मेहरा ने बैंक की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा ने 30 लाख करोड़ रुपये से अधिक का वैश्विक व्यवसाय, रिकॉर्ड लाभ, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक प्रतिष्ठित सम्मान तथा डिजिटल नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि विज़न 2030 के अंतर्गत बैंक अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता तथा उत्कृष्ट ग्राहक सेवा के माध्यम से भविष्य की बैंकिंग आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में निरंतर अग्रसर है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ” ONE Bank, ONE Team, ONE GOAL” की भावना के साथ कार्य करते हुए बैंक को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।