ईएमएफ ग्लोबल एसीई 2026 में डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ मुख्य अतिथि एवं ज्यूरी चेयर के रूप में हुए सम्मानित

उदयपुर। विश्वस्तरीय इवेंट उद्योग के प्रतिष्ठित मंच इवेंट मैनेजमेंट फेडरेशन (EMF) द्वारा नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित ईएमएफ ग्लोबल एसीई (पुरस्कार, सम्मेलन और प्रदर्शनी) 2026 में विरासत संरक्षण, शिक्षा, संस्कृति एवं सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित मेवाड़ के 77वें श्री एकलिंग दीवान श्रीजी हुजूर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने मुख्य अतिथि एवं ज्यूरी चेयर के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान की। इस अवसर पर सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, प्रेरणादायी नेतृत्व एवं सामाजिक योगदान के लिए उन्हें ईएमएफ के प्रतिष्ठित सम्मान से अलंकृत किया गया।
सम्मेलन में विश्वभर के इवेंट उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों, उद्यमियों एवं रचनात्मक पेशेवरों ने सहभागिता की। आयोजन के दौरान उद्योग में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों को सम्मानित करने के साथ नेतृत्व, नवाचार, पर्यटन, आतिथ्य और सांस्कृतिक विरासत जैसे विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ।
अपने उद्बोधन में श्रीजी हुजूर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने अपने पूज्य पिताश्री श्रीजी हुजूर अरविन्द सिंह जी मेवाड़ से प्राप्त संस्कारों, विरासत संरक्षण, परम्पराओं के निर्वहन तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आतिथ्य परम्परा को वैश्विक पहचान दिलाने में होटल एवं इवेंट उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नवाचार, गुणवत्ता और सांस्कृतिक मूल्यों के समन्वय को समय की आवश्यकता बताया।
आयोजकों ने श्रीजी हुजूर के मार्गदर्शन एवं प्रेरक विचारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की प्रतिष्ठा को नई ऊँचाइयाँ प्रदान की तथा वैश्विक इवेंट उद्योग में सहयोग, उत्कृष्टता और सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन को नई दिशा दी।

Creative from India to the World