तिरंगे की शान में रंगा उदयपुर, उत्साह के साथ मनाया 80वां स्वाधीनता दिवस

पहली बार राष्ट्रगीत की स्वर लहरियों के साथ हुआ समारोह का आगाज
टीएडी मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने किया ध्वजारोहण
उदयपुर।
जिले भर में 80वां स्वाधीनता दिवस शनिवार को उत्साह, उमंग और हर्षाेल्लास के साथ समारोह पूर्वक मनाया गया। उदयपुर जिला मुख्यालय पर गांधी ग्राउण्ड में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि जनजाति क्षेत्रीय विकास एवं गृह रक्षा विभाग मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने ध्वजारोहण कर सभी को राष्ट्रीय पर्व की शुभकामनाएं दी।

Creative from India to the World

पहली बार समारोह का आगाज राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम् गायन के साथ हुआ। वहीं ध्वजारोहण पश्चात जोश और उत्साह से राष्ट्रगान जन-गन-मन का भी सामूहिक गायन किया गया। मंत्री खराड़ी ने परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट व गाइड के छात्र-छात्राओं द्वारा मार्च पास्ट किया गया। समारोह में एडीएम प्रशासन दीपेन्द्र सिंह ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया। मुख्य समारोह में 69 लोगों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।


समारोह में उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी, आईजी गौरव श्रीवास्तव, जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल, एसपी डॉ अमृता दुहन, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, जिला परिषद सीईओ विरमाराम, स्मार्ट सिटी सीईओ सोनिका कुमारी, प्रशिक्षु आइएएस मणिमाला एन, समाजसेवी गजपालसिंह, पुष्कर तेली, सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी और शहरवासी मौजूद रहे।
समारोह का मुख्य आकर्षण एनसीसी मुख्यालय उदयपुर के लाइनिंग अधिकारी एवं सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी प्रेमशंकर श्रीमाली के निर्देशन तथा परेड कमाण्डर पुनाराम गुर्जर के नेतृत्व में की गई परेड रही। राजस्थान पुलिस, होमगार्ड, राष्ट्रीय सेवा योजना इकाईयों आदि की टुकड़ियों ने बैण्ड की धून पर कदम से कदम मिलाते हुए मार्च पास्ट किया। एक साथ अनुशासित ढंग से उठते कदमों से ग्राउण्ड में मौजूद दर्शकों में उत्साह और देश भक्ति का संचार किया। परेड के दौरान पूरा ग्राउण्ड परिसर करतल ध्वनि और भारत माता के जयकारों से गूंजता रहा। पुलिस बैण्ड ने मास्टर कन्हैयालाल तथा दिगम्बर जैन विद्यालय की बैण्ड टीम ने भी मार्च पास्ट किया।


समारोह के दौरान मंत्री सहित सभी अधिकारियों ने उदयपुर के शहीद लेफ्टिनेंट अभिनव नागौरी , शौर्य चक्र विजेता शहीद मेजर मुस्तफा तथा स्वतंत्रता सेनानी कन्हैयालाल के परिजनों का शॉल ओढ़ाकर व श्रीफल भेंट कर अभिवादन किया।
समारोह में बच्चों ने सामूहिक व्यायाम एवं सामूहिक नृत्य प्रस्तुति देते हुए भारत की विविधता में एकता का दिग्दर्शन कराया। कार्यक्रम में केंद्रीय कारागृह के बंदीजन ऑर्केस्ट्रा गु्रप ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम का संचालन राजेन्द्र सेन, डॉ. सीमा चम्पावत, रागिनी पानेरी तथा रणवीरसिंह राणावत ने किया।
समारोह को संबोधित करते हुए केबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि स्वाधीनता दिवस हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान का स्मरण कराता है, जिनके संघर्ष से देश को आजादी मिली। आजादी की इस अमूल्य विरासत को सुरक्षित रखना और देश की एकता-अखंडता को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। खराड़ी ने युवाओं का आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान दें। सभी प्रदेशवासियों को स्वाधीनता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
वॉलीबॉल में प्रशासन की टीम विजेता :


स्वतंत्रता दिवस पर गांधी ग्राउण्ड में जिला प्रशासन एवं लेकसिटी प्रेस क्लब के मध्य वाॅलीबाल का मैत्री मैच खेला गया। इसमें प्रशासन की टीम विजेता रही। लेकसिटी प्रेस क्लब अध्यक्ष कुलदीप सिंह गहलोत ने बताया कि हर साल स्वतंत्रता दिवस पर क्लब परिवार की ओर से झंडारोहण किया जाता है। इसके बाद प्रशासन के साथ खेले गए वॉलीबॉल मैच में लेकसिटी प्रेस क्लब उपविजेता रही। 2 सेट्स की इस स्पर्धा में प्रशासन की टीम ने अच्छे अंतर के साथ जीत हासिल की। इस दौरान तहसीलदार हितेंद्र त्रिवेदी, सूचना एवं जनसंपर्क से उपनिदेशक गौरीकान्त शर्मा, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी डॉ. विक्रम सिंह, प्रेस क्लब अध्यक्ष कुलदीप सिंह गहलोत, पूर्व अध्यक्ष कपिल श्रीमाली, अविनाश जगनावत, प्रमोद गौड़, राजेश वर्मा, भगवान प्रजापत, सुनील शर्मा, राजेन्द्र हिलोरिया, अजय आचार्य सहित क्लब से जुड़े पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।