डॉ. मन्नालाल रावत ने भाजपा अनु.जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया

नरेंद्र मोदी सरकार ने जनजाति समाज के लोगों को देश की मुख्यधारा में लाने का प्रयास किया: मन्नालाल रावत
देश के राष्ट्रपति, 5 केंद्रीय मंत्री, कई राज्यों में राज्यपाल और मुख्यमंत्री के पद पर जनजाति समाज के लोग
उदयपुर।
भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत का पदभार ग्रहण समारोह आज गरिमापूर्ण वातावरण में दिल्ली में आयोजित हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओरांव, केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, राष्ट्रीय संगठक वी सतीश जी, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, केंद्रीय मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, सांसद नागेंद्र जी, मुकेश भाई राठवा कार्यालय प्रभारी प्रदीप कनोजिया सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा अनु. जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ मन्नालाल रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से बदल रहा है और जनजातीय समाज विकास की मुख्यधारा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज देश में विकास के साथ-साथ विरासत और संस्कृति के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जनजातीय समाज को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ मिले, इसके लिए सरकार श्सैचुरेशनश् के दृष्टिकोण से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय गौरव दिवस, भगवान बिरसा मुंडा से जुड़े कार्यक्रमों और जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। हमारा लक्ष्य वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में जनजातीय समाज की पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करना है।
केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव के नेतृत्व में अनुसूचित जनजाति मोर्चा को मजबूत करने के लिए उनके योगदान की सराहना की और अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनजातीय समाज के विकास को प्राथमिकता दी है और जनजातीय क्षेत्रों में आवास, बिजली, पानी तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष कार्य किया है।
केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने कहा कि आज केंद्र सरकार में जनजातीय समाज को महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। वर्तमान की नरेंद्र मोदी की सरकार ने जनजाति समाज के लोगों को देश की मुख्यधारा में लाने का भगीरथी प्रयास किया है, आज देश के राष्ट्रपति, 5 केंद्रीय मंत्री, कई राज्यों में राज्यपाल और मुख्यमंत्री के पद पर जनजाति समाज के लोग देश के विकसित भारत के संकल्प में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे है, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के विकास और सशक्तिकरण के लिए अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से विकसित भारत के संकल्प में जनजातीय समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय संगठक सतीश जी ने कहा कि अनुसूचित जनजाति मोर्चा भाजपा के महत्वपूर्ण मोर्चों में से एक है, जो जनजातीय समाज तक संगठन और सरकार की नीतियों का संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि देश के प्रत्येक जनजातीय बूथ तक संगठन की पहुंच मजबूत करनी होगी, विशेषकर उन बूथों पर जहां अनुसूचित जनजाति मतदाताओं की संख्या अधिक है। उन्होंने कहा कि सिकल सेल एनीमिया को जनजातीय समाज के सामने मौजूद गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बताते हुए इसकी समय पर पहचान, ट्रैकिंग और रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया।
वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास भी, विरासत भी और सेवा भी के मंत्र के साथ जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास की दिशा में निरंतर कार्य हो रहा है। जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने तथा केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संगठन और सरकार दोनों प्रतिबद्ध हैं।
समारोह के अंत में नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मन्नालाल रावत ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व एवं सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें दी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाते हुए देशभर में अनुसूचित जनजाति मोर्चा को और अधिक मजबूत करने तथा जनजातीय समाज के बीच संगठन की पहुंच को व्यापक बनाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष समीर उरांव ने पूर्व पदाधिकारियों का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। मंच संचालन मोर्चा के महामंत्री काली राम मांझी ने किया।