बायफ एवं हिन्दुस्तान जिंक के सहयोग से संचालित घाटावाली माताजी किसान उत्पादक कंपनी बनी सशक्तिकरण की मिसाल

गौअम’ ब्रांड के माध्यम से दुग्ध उत्पादों में बना रही अपनी पहचान

उदयपुर : छोटे-छोटे कदमों से शुरू हुआ प्रयास जब मेहनत, दृढ़ संकल्प और सामूहिक सहभागिता के साथ आगे बढ़ता है, तो वह सफलता की मिसाल बन जाता है। इसका प्रेरक उदाहरण है घाटावाली माताजी किसान उत्पादक कंपनी, जो किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में एक मजबूत व्यावसायिक संस्था के रूप में अपनी पहचान बना रही है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में कंपनी 1,291 शेयरधारकों के साथ 16 गांवों में अपनी गतिविधियां संचालित कर रही है। कंपनी में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय है तथा कुल शेयरधारकों में लगभग 70 प्रतिशत महिलाएं हैं। कंपनी की वार्षिक आम सभा का सफल आयोजन किया गया, जिसमें वर्षभर की गतिविधियों, उपलब्धियों, वित्तीय प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी सभी शेयरधारकों के समक्ष प्रस्तुत की गई। यह कंपनी हिन्दुस्तान जिंक एवं बायफ के सहयोग से संचालित समाधान परियोजना के अंतर्गत कार्य कर रही है।

3.03 करोड़ रुपये का टर्नओवर और 16.02 लाख रुपये का लाभ

कंपनी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान लगभग 3.03 करोड़ रुपये का टर्नओवर हासिल किया तथा लगभग 16.02 लाख रुपये का लाभ अर्जित किया। कंपनी द्वारा कृषि एवं संबद्ध उत्पादों के विपणन के साथ-साथ किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। वार्षिक आम सभा के दौरान कंपनी का वार्षिक लेखा-जोखा, वित्तीय विवरण, टर्नओवर, लाभ तथा व्यावसायिक प्रगति शेयरधारकों के समक्ष साझा की गई। इससे कंपनी के संचालन में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं शेयरधारकों की भागीदारी को और मजबूती मिली।

चार वर्षों में छह गुना बढ़ी कंपनी की व्यावसायिक गतिविधियां

कार्यक्रम में बायफ के रीजनल डायरेक्टर सुरेंद्र वरडिया ने कंपनी की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले चार वर्षों में घाटावाली माताजी किसान उत्पादक कंपनी ने उल्लेखनीय प्रगति की है। इस अवधि में कंपनी का कारोबार लगभग छह गुना बढ़ा है, जबकि कंपनी के शेयर मूल्य में लगभग तीन गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसानों की सामूहिक भागीदारी, कंपनी के बेहतर प्रबंधन तथा बायफ एवं हिन्दुस्तान जिंक के निरंतर सहयोग का परिणाम है।

‘गौअम’ ब्रांड से दुग्ध उत्पादों को नई पहचान

घाटावाली माताजी किसान उत्पादक कंपनी द्वारा ‘गौअम’ ब्रांड के माध्यम से विभिन्न दुग्ध उत्पादों का विपणन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत पनीर, दही, घी सहित अन्य दुग्ध उत्पाद उपभोक्ताओं तक पहुंचाए जा रहे हैं।

कंपनी द्वारा उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने, उपभोक्ताओं तक बेहतर उत्पाद पहुंचाने तथा बाजार का विस्तार करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ‘गौअम’ ब्रांड की बढ़ती लोकप्रियता कंपनी के दुग्ध व्यवसाय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इससे किसानों के उत्पादों को संगठित बाजार उपलब्ध कराने में भी मदद मिल रही है। कंपनी का ताज ग्रुप के साथ व्यावसायिक जुड़ाव भी है, जिसके माध्यम से कंपनी को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार एवं नए व्यावसायिक अवसर प्राप्त हो रहे हैं। यह साझेदारी किसान उत्पादक कंपनी के व्यवसाय को मजबूत करने तथा किसानों को बेहतर बाजार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ज्वाइंट डायरेक्टर एग्रीकल्चर सुधीर वर्मा ने किसानों को संबोधित करते हुए कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कृषि एवं किसान कल्याण योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को सरकार द्वारा उपलब्ध विभिन्न योजनाओं, अनुदान एवं कृषि सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। वर्मा ने किसानों को यह भी बताया कि सरकारी योजनाओं का प्रभावी लाभ लेने के लिए पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं संबंधित विभागों से समन्वय की जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा उपलब्ध सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर कृषि एवं पशुपालन गतिविधियों को अधिक लाभकारी बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने वाली सरकारी योजनाओं की पुस्तिका भी किसानों एवं शेयरधारकों के बीच वितरित की गई, ताकि वे अपनी आवश्यकता एवं पात्रता के अनुसार संबंधित योजनाओं का लाभ उठा सकें।

आगामी वर्ष में 3.78 करोड़ रुपये के टर्नओवर का लक्ष्य

कंपनी ने आगामी वित्तीय वर्ष के लिए लगभग 3.78 करोड़ रुपये के टर्नओवर का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके साथ ही ‘गौअम’ ब्रांड के उत्पादों के बाजार विस्तार, नए बाजारों से जुड़ाव, किसानों की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने तथा कृषि एवं पशुपालन आधारित व्यवसायों को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

किसानों और महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने किसान उत्पादक कंपनी को और अधिक मजबूत बनाने, किसानों की आय में वृद्धि करने, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा किसानों को बेहतर बाजार, आधुनिक कृषि तकनीक एवं कृषि सेवाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि ज्वाइंट डायरेक्टर एग्रीकल्चर सुधीर वर्मा, असिस्टन्ट ’’ डायरेक्टर श्रीमती सीमा झगड़ावत’’, बायफ के रीजनल डायरेक्टर सुरेंद्र वरडिया, देबारी सीएसआर हेड रुचिका चावला, बायफ स्टेट हेड पवन पाटीदार सहित कंपनी के बोर्ड सदस्य एवं बड़ी संख्या में शेयरधारक उपस्थित रहे।