राजमाता साहिबा विजयराज कुमारी जी मेवाड़ को गणमान्यजनों ने दी श्रद्धांजलि

उदयपुर । दिवंगत राजमाता साहिबा विजयराज कुमारी जी मेवाड़ के देवलोकगमन पर विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्यजनों, जनप्रतिनिधियों एवं पूर्व राजपरिवारों के सदस्यों ने श्रद्धांजलि सभा में उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। बैठक के दौरान उपस्थित जनों ने श्रीजी हुजूर डॉ. लक्षराज सिंह मेवाड़ एवं समस्त मेवाड़ राजपरिवार के प्रति शोक-संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।


श्रद्धांजलि सभा में उदयपुर नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर (मेयर) भाजपा के पारस सिंघवी, पाली सांसद पी.पी. चौधरी, पूर्व भारतीय क्रिकेटर युसुफ पठान, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं नाथद्वारा से सी.पी. जोशी, पूर्व राजकोट राजपरिवार सदस्य मांधाता सिंह जडेजा, गुजरात के भावनगर से पूर्व राजपरिवार सदस्य जयवीरराज सिंह गोहिल, राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी, गुजरात के पूर्व कैबिनेट मंत्री भूपेन्द्र सिंह चुडासमा, भाजपा उदयपुर देहात के जिलाध्यक्ष एवं उप जिला प्रमुख उदयपुर पुष्कर तेली सहित विश्व हिन्दू परिषद् चित्तौड़, गुजरात की पूर्व बालासिंनोर रियासत के सदस्य नवाब सुल्तान सलाउद्दीन खान बाबी, सिसोदिया राजपूत समाज दिल्ली तथा अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित हुए।


इस अवसर पर उपस्थितजनों ने राजमाता साहिबा विजयराज कुमारी जी मेवाड़ के देवलोकगमन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं स्मृतियों का श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए इस अपूरणीय क्षति पर शोकाकुल मेवाड़ परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं तथा दिवंगत आत्मा की शांति एवं सद्गति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उपस्थितजनों ने दिवंगत राजमाता साहिबा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक-संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की।