चित्तौड़गढ़। प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलिया सेठ मंदिर में भंडार दानपेटी की गणना सोमवार को नौ चरणों के बाद पूरी हुई। इस बार मंदिर की कुल दान राशि 37 करोड़ 05 लाख 61 हजार 847 रुपए प्राप्त हुए है।
मंदिर मंडल के अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव ने बताया कि अंतिम चरण में 11 लाख 89 हजार 177 रुपये की राशि प्राप्त हुई। इसके साथ ही भंडार से प्राप्त कुल नकद दानराशि 29 करोड़ 18 लाख 20 हजार 407 रुपये हो गई। इसके अलावा मनीऑर्डर, ऑनलाइन माध्यम और अन्य भेंट के रूप में 7 करोड़ 87 लाख 41 हजार 440 रुपये प्राप्त हुए।
गणना के दौरान दानपेटी और मंदिर कार्यालय से प्राप्त 666 ग्राम 500 मिलीग्राम सोना तथा 102 किलो 415 ग्राम चांदी का भी तौल किया गया। सोना-चांदी के रूप में भी श्रद्धालुओं ने बड़ी मात्रा में भेंट अर्पित की। मंदिर में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु श्री सांवलिया सेठ के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए नकद, सोना, चांदी और ऑनलाइन माध्यम से भेंट चढ़ाते हैं। नौ चरणों में हुई गणना के आंकड़ों ने श्रद्धालुओं की आस्था को और प्रगाढ़ किया है।
गणना के दौरान मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव, सदस्य पवन तिवारी, किशन लाल अहीर, राम लाल गुर्जर, हरिराम गाडरी, प्रथम प्रशासनिक अधिकारी राहुल धाकड़, द्वितीय प्रशासनिक अधिकारी राजेंद्र सिंह, लेखाधिकारी रामसिंह गुर्जर सहित मंदिर मंडल, बैंक और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
श्री सांवलिया सेठ के भंडार की गणना पूरी, 37.05 करोड़ से ज्यादा की दानराशि प्राप्त
