हरितराज सिंह मेवाड़ और प्राणेश्वरी कुमारी मेवाड ने अपनी-अपनी श्रेणी में हासिल किया प्रथम स्थान
अहमदाबाद/उदयपुर। गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित 17वें कूडो नेशनल टूर्नामेंट में मेवाड़ के दो नन्हें सितारों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। महाराज कुमार हरितराज सिंह मेवाड़ ने सब-जूनियर अंडर-7 बॉयज कैटेगरी में, वहीं उनकी बहन प्राणेश्वरी कुमारी मेवाड़ ने सब-जूनियर अंडर-8 गर्ल्स कैटेगरी में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्णिम सफलता हासिल की।

दोनों भाई-बहन ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण से यह उपलब्धि अर्जित कर मेवाड़ का नाम गौरवान्वित किया। उनकी इस सफलता से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
महाराज कुमार हरितराज सिंह मेवाड़ एवं प्राणेश्वरी कुमारी मेवाड़ की इस उपलब्धि पर उनके पिता, मेवाड़ के 77वें श्री एकलिंग दीवान श्रीजी हुजूर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़, माता महारानी निवृत्ति कुमारी मेवाड़ और बड़ी बहन बाईजीलाल मोहलक्षिका कुमारी मेवाड़, शुभचिंतकों एवं खेलप्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोनों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि दोनों भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेंगे।
