जीबीएच में महाधमनी के गंभीर फैलाव और हृदय के दो खराब वॉल्व का सफल ऑपरेशन

एक ही सर्जरी में बेंटाल प्रक्रिया एवं दोनों हार्ट वॉल्व का प्रतिस्थापन, साढ़े तीन घंटे में पूरी हुई अत्यंत जटिल सर्जरी, चौथे दिन मरीज अस्पताल से डिस्चार्ज
उदयपुर।
दिल की सबसे बड़ी धमनी यानी एओर्टा असामान्य रूप से 5.5 सेंटीमीटर तक फैल गई थी। साथ ही हृदय के दो महत्वपूर्ण वॉल्व एओर्टिक वॉल्व और माइट्रल वॉल्व भी खराब हो चुके थे। ऐसी स्थिति में धमनी के फटने (त्नचजनतम) या उसमें अचानक डिसेक्शन होने का गंभीर खतरा था, जो तत्काल मृत्यु का कारण भी बन सकता था। जीबीएच जनरल हॉस्पिटल के कार्डियक सेंटर में विशेषज्ञों ने यह अत्यंत जटिल सर्जरी कर पचास वर्षीय मरीज को नया जीवन दिया।
सलूंबर निवासी प्रतापसिंह (50) पिछले दो वर्ष से अनियमित धड़कन, सीने में दर्द और अचानक बेहोशी जैसी गंभीर समस्याओं से परेशान था। रात में सोते समय सांस लेने में परेशानी और बार-बार हांफने की समस्या ने उनकी सामान्य जिंदगी को भी प्रभावित कर दिया था। परिजन कई हॉस्पिटल गए, लेकिन गंभीर स्थिति बताई गई, उसके बाद जीबीएच जनरल हॉस्पिटल के कार्डियक सेंटर लेकर पहुंचे। यहां कॉर्डियेक सर्जन डॉ. धनंजय बंसल ने विस्तृत जांच और सीटी स्कैन के बाद पाया कि एओर्टा का आकार बढ़कर करीब 5.5 सेंटीमीटर हो चुका था। इसके अलावा एओर्टिक वॉल्व में गंभीर खराबी और माइट्रल वॉल्व में लीकेज भी पाया गया।
एक ही ऑपरेशन में तीन बड़ी सर्जिकल प्रक्रियाएं :
मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए सर्जरी का निर्णय लिया गया। यह सामान्य वॉल्व रिप्लेसमेंट नहीं, बल्कि अत्यंत जटिल और चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन था। इसमें तीन महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं एक साथ करनी थीं बेंटाल (ठमदजंसस) प्रक्रिया के तहत एओर्टिक रूट और फैली हुई महाधमनी का प्रतिस्थापन, एओर्टिक वॉल्व रिप्लेसमेंट तथा माइट्रल वॉल्व रिप्लेसमेंट।
इस प्रकार हृदय से निकलने वाली मुख्य धमनी और उसके दो महत्वपूर्ण वॉल्व का एक ही ऑपरेशन में प्रतिस्थापन करना था। ऐसी सर्जरी में उच्चस्तरीय सर्जिकल विशेषज्ञता, सटीकता और अनुभवी कार्डियक टीम के समन्वय की आवश्यकता होती है।
जीबीएच जनरल हॉस्पिटल के मिनिमली इनवेसिव एवं कार्डियक सर्जन डॉ. धनंजय बंसल ने इस अत्यंत जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। आमतौर पर इस स्तर की जटिल सर्जरी में छह से आठ घंटे तक लग सकते हैं, लेकिन डॉ. बंसल और उनकी टीम ने इसे महज साढ़े तीन घंटे में पूरा किया।
तेजी से रिकवरी, चौथे दिन अस्पताल से छुट्टी :
सर्जरी के बाद मरीज की रिकवरी संतोषजनक रही। उसे लंबे समय तक आईसीयू में रखने की आवश्यकता नहीं पड़ी। मरीज सामान्य रूप से सांस लेने लगा और उसकी स्थिति में लगातार सुधार हुआ। सभी आवश्यक चिकित्सकीय मानकों पर स्थिर पाए जाने के बाद चौथे ही दिन उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
दक्षिणी राजस्थान में उपलब्ध हुई अत्याधुनिक कार्डियक सर्जरी की सुविधा :
इस तरह की जटिल कार्डियक सर्जरी के लिए पहले मरीजों को अक्सर बड़े महानगरों के चिकित्सा केंद्रों का रुख करना पड़ता था। अब जीबीएच जनरल हॉस्पिटल के कार्डियक सेंटर में ऐसी उन्नत सर्जरी की सुविधा उपलब्ध होने से दक्षिणी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को अपने ही क्षेत्र में उच्चस्तरीय हृदय उपचार का विकल्प मिल रहा है।
इस अत्यंत जटिल सर्जरी की सफलता में पूरी मेडिकल टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। डॉ. धनंजय बंसल के नेतृत्व में सर्जिकल टीम ने ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. महेंद्र मारोठी एवं डॉ. अंशुमान ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तीनों विशेषज्ञों और पूरी टीम के बेहतर समन्वय एवं कुशलता से यह चुनौतीपूर्ण सर्जरी सफल हो सकी। यह सफलता जीबीएच जनरल हॉस्पिटल में उपलब्ध विशेषज्ञता, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और समर्पित कार्डियक सर्जिकल टीम की क्षमता को दर्शाती है। दो वर्षों से गंभीर हृदय रोग से जूझ रहा युवा मरीज अब एक नई जिंदगी की ओर बढ़ रहा है।