जनसंपर्क का भविष्य संवाद की गति में नहीं, विश्वसनीयता में है : प्रो. अमित सांगवान

कम्युनिकेशन टुडे और भारतीय विद्यापीठ की 246वीं राष्ट्रीय वेबिनार में जनसंपर्क 5.0 पर मंथन

जयपुर। तकनीक संदेशों को तेजी से लोगों तक पहुँचा सकती है, लेकिन उनके मन में स्थान बनाने के लिए मानवीय संवेदनशीलता, ईमानदारी और विश्वसनीयता आवश्यक है। जनसंपर्क का भविष्य उनका नहीं होगा जो सबसे तेज संवाद करेंगे, बल्कि उनका होगा जिनकी बात पर समाज भरोसा करेगा।

ये विचार चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा (हरियाणा) के जनसंपर्क निदेशक एवं पत्रकारिता तथा जनसंचार विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर (डॉ.) अमित सांगवान ने व्यक्त किए। वे मीडिया शोध पत्रिका ‘कम्युनिकेशन टुडे’ और भारतीय विद्यापीठ इंस्टीट्यूट ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशंस एंड मैनेजमेंट (बीवीआईसीएएम), नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 246वीं राष्ट्रीय वेबिनार को संबोधित कर रहे थे। वेबिनार का विषय था— ‘जनसंपर्क 5.0 : प्रौद्योगिकी, विश्वास और परिवर्तन’।

संत कबीर और स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए प्रो. सांगवान ने कहा कि जनसंपर्क का उद्देश्य केवल संस्थागत छवि निर्माण नहीं, बल्कि लोगों की आवश्यकताओं को समझना, उनकी समस्याओं को सुनना और विश्वासपूर्ण संबंध स्थापित करना है।

उन्होंने जनसंपर्क 5.0 के पाँच प्रस्तावित आधार स्तंभों की चर्चा करते हुए मानव केंद्रित संचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विवेकपूर्ण उपयोग, सहभागितापूर्ण संवाद, विश्वास एवं नैतिकता तथा मापनीय सार्वजनिक मूल्य को महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि जनरेटिव एआई, डेटा विश्लेषण, सोशल लिसनिंग, ऑटोमेशन और चैटबॉट्स ने जनसंपर्क की कार्यप्रणाली को परिवर्तित किया है। इसके बावजूद एआई से प्राप्त सूचनाओं का मानवीय परीक्षण और तथ्यात्मक सत्यापन अनिवार्य है। सोशल मीडिया पर व्यक्त विचारों को संपूर्ण समाज का प्रतिनिधित्व नहीं माना जाना चाहिए।

मैगी संकट और कोविड टीकाकरण अभियान के उदाहरणों से उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्थागत विश्वसनीयता के निर्माण में पारदर्शिता, जवाबदेही, जनहित और सुधारात्मक कार्रवाई की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने मीडिया शिक्षकों से तकनीकी रूप से दक्ष होने के साथ नैतिक और संवेदनशील मीडिया पेशेवर तैयार करने का आह्वान किया।

वेबिनार का संचालन करते हुए ‘कम्युनिकेशन टुडे’ के संपादक एवं राजस्थान विश्वविद्यालय के जनसंचार केंद्र के पूर्व अध्यक्ष प्रो. संजीव भानावत ने जनसंपर्क की विकास यात्रा के पाँच चरणों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि फेक न्यूज़, डीपफेक और भ्रामक सूचनाओं के वर्तमान दौर में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही जनसंपर्क की बुनियादी आवश्यकताएँ हैं। जनसंपर्क अधिकारी अब केवल सूचना प्रसारक नहीं, बल्कि रणनीतिक संचार विशेषज्ञ और संस्था तथा समाज के बीच सेतु है।

प्रो. भानावत ने बताया कि दो अक्टूबर 2020 से निरंतर संचालित इस वेबिनार शृंखला में अब तक 500 से अधिक विशेषज्ञ सहभागिता कर चुके हैं तथा लगभग 450 घंटे की रिकॉर्डिंग यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध है।

व्याख्यान के उपरांत आयोजित परिचर्चा में चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के राजनीति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. राजबीर दलाल, प्रो. दयानंद, डॉ. राजेश कुमार तथा डॉ. सुरेंद्र अधाना सहित अनेक शिक्षाविदों एवं प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता की।

इस अवसर पर प्रो. सांगवान का ई-पुष्पगुच्छ, ई-स्मृति चिह्न और ई-प्रमाणपत्र से अभिनंदन किया गया। भारतीय विद्यापीठ के सॉफ्टवेयर डेवलपर करण चंड्योक ने तकनीकी दायित्वों का निर्वहन किया। आयोजन की सफलता में जयंत राठी, पुष्पेंद्र सिंह, श्रीकांत सिंह, प्रियंका सिंह (भारतीय विद्यापीठ) तथा डॉ. पृथ्वी सेंगर (आईआईएमटी विश्वविद्यालय, मेरठ) का महत्वपूर्ण योगदान रहा।