मधुमक्खियों का दोहरा हमला, दो की मौत, 50 से अधिक घायल

चित्तौड़गढ़ (मुकेश मुंदड़ा)। बेगूूं उपखंड के पारसोली क्षेत्र के कितियास गांव में मंगलवार को एक बुजुर्ग की मधुमक्खियों के काटने के बाद मौत हो गई। बुधवार को उसी के अंतिम संस्कार में गये लोगों पर भी मधुमक्खियों ने जोरदार हमला कर दिया। अंतिम संस्कार के दौरान जब मधुमक्खियों ने हमला किया तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान मधुमक्खियों के डंक से 40 से 50 लोग घायल हो गए। जिन्हें पारसोली के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया, जहां से गंभीर हालत में 5 लोगों को चित्तौड़गढ़ रेफर किया गया है। घटना के बाद उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया ने प्रशासनिक और चिकित्सा टीम को अलर्ट किया वहीं तहसीलदार गोपाल जीनगर मौके पर पहुंचे। इधर मृतक का अंतिम संस्कार करने के लिए प्रशासन ने विशेष पीपीई किट पहनाकर सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार करवाया। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। जानकारी में आया है कि कितियास गांव में पारसोली निवासी जमनेश पुत्र पन्नालाल सुखवाल किसी धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इसी दौरान मधुमक्खियों ने उस पर हमला कर दिया था जिससे वह गंभीर घायल हो गया। जिसे चित्तौड़गढ़ अस्पताल लाया गया जिसकी बुधवार तड़के मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत के बाद बड़ी संख्या में लोग उसका अंतिम संस्कार करने के लिए मोक्षधाम पहुंचे लेकिन इस दौरान एक बार फिर मधुमक्खियां बिफर गई और जोरदार हमला कर दिया। इस दौरान अंतिम संस्कार में मौजूद 50 से अधिक लोगों को डंक लगे और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान भी कई लोग गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद सभी लोग पारसोली चिकित्सालय पहुंचे जहां इंजेक्शन और प्राथमिक उपचार दिये गये। वहीं 5 गंभीर घायलों को चित्तौड़गढ़ रेफर कर दिया।घटना के बाद मधुमक्खियों के हमले में घायल भवानी शंकर पुत्र मोडूलाल पंडिया को भी चित्तौड़गढ़ चिकित्सालय लाया गया जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। वहीं अन्य घायलों का इलाज किया जा रहा है। अंतिम संस्कार में सांसद के पीए दिनेश ओझा भी शामिल थे। उन्होंनें बताया कि अचानक हुए हमले के कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सभी लोग इधर-उधर भागने लग गये। इसी दौरान वे स्वयं भागे तो एक गढ्ढे में जा गिरे जिससे उनके टखने में फैक्चर हो गया। उन्होंने बताया कि हालात यह थे कि मृतक शव तक पर भी मधुमक्खियां डंक मारती रही। करीब 15 लोगों को पारसोली चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।