सफल जीवन का सबसे बड़ा निवेश, स्वयं में किया गया निवेश है- जे.पी. अग्रवाल
उदयपुर : गीतांजली यूनिवर्सिटी, उदयपुर में आयोजित गीतांजली सिनेप्स–2026 का आयोजन उत्साह, ऊर्जा और उल्लास के साथ आयोजन किया गया। इस बहुप्रतीक्षित सांस्कृतिक महोत्सव में मेडिकल, पैरामेडिकल, फार्मेसी, डेंटल, फिजियोथेरेपी और नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया। महोत्सव के अंतर्गत विविध रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद प्रतियोगिताओं और रचनात्मक गतिविधियों ने परिसर को जीवंत बना दिया।

फेस्ट के मुख्य आकर्षण “इंस्पिरोग्रूव ईव” की शुरुआत गीतांजली ग्रुप के चेयरमैन जे.पी. अग्रवाल के प्रेरणादायक संबोधन से हुई ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा ही देश का वास्तविक राष्ट्र-निर्माता है और भारत की प्रगति उसकी युवा शक्ति, अनुशासन और दूरदर्शिता पर निर्भर करती है। सफल जीवन का सबसे बड़ा निवेश स्वयं में किया गया निवेश है। उन्होंने कहा कि केवल प्रतिभा पर्याप्त नहीं है, बल्कि उत्कृष्टता, आत्म-अनुशासन, समय प्रबंधन और कौशल विकास ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। उन्होंने कहा वैश्विक स्तर पर यदि देखें तो नारायण मूर्ति और सुंदर पिचाई जैसे अभियंता, तथा अतुल गावंडे, सिद्धार्थ मुखर्जी और आशीष झा जैसे चिकित्सक न केवल भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक सशक्त पहचान दिलाते हैं, बल्कि हमारे युवाओं के लिए निरंतर प्रेरणा के स्रोत भी हैं। जेन – ज़ी जेनरेशन की डिजिटल युग में बढ़ती स्क्रीन-लत पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने “डिजिटल अनुशासन” और “डिजिटल उपवास” का मंत्र दिया| उन्होंने स्पष्ट किया कि असफलता ही सफलता की सीढ़ी है और आत्ममंथन, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति तथा सकारात्मक आदतें ही साधारण व्यक्ति को असाधारण बनाती हैं। आत्म-विकास, सुदृढ़ आदतों और केंद्रित समय-प्रबंधन ये मूल तत्व हैं जो किसी भी साधारण व्यक्ति को असाधारण सफलता और व्यक्तित्व की ऊँचाइयों तक पहुँचा देते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, गहराई से चिंतन करने, निरंतर परिश्रम करने और विनम्र बने रहने का आह्वान किया। अंत में उन्होंने कहा कि जीवन एक दर्पण है —
1.आप उसे मुस्कान देंगे, तो वह आपको मुस्कान लौटाएगा
2.आप उसे बहाने देंगे, तो वह आपको बहाने ही वापस देगा
3.आप उसे प्रयास देंगे, तो वह आपको सफलता का उपहार देगा।
उन्होंने ज़ाकिर खान की संघर्षपूर्ण और प्रेरणादायक जीवन यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि कैसे जुनून, धैर्य और निरंतर मेहनत इंसान को नई ऊँचाइयों तक पहुँचा सकती है।
ज़ाकिर खान ने हँसी के साथ भरी विद्यार्थियों में नई ऊर्जा :
प्रख्यात स्टैंड-अप कॉमेडियन, लेखक और शायर ज़ाकिर खान ने “इंस्पिरोग्रूव ईव” में अपनी विशेष उपस्थिति से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। गीतांजली ग्रुप के चेयरमैन जे.पी. अग्रवाल, वाइस चेयरमैन कपिल अग्रवाल, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अंकित अग्रवाल तथा विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर डॉ. राकेश व्यास ने उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।
अपने खास अंदाज़, सादगी भरी अभिव्यक्ति और दिल से जुड़ जाने वाली बातों के माध्यम से ज़ाकिर खान ने विद्यार्थियों के मन को गहराई से स्पर्श किया। उन्होंने जीवन में आने वाली चुनौतियों, असफलताओं और आत्मविश्वास के महत्व पर खुलकर विचार साझा किए। उनकी बातों में जहां जीवन का यथार्थ था, वहीं हास्य की मधुर फुहार भी थी — पूरा सभागार हँसी और तालियों की गूंज से सराबोर हो उठा।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने सपनों पर विश्वास रखिए। यदि रास्ता कठिन है, तो समझ लीजिए कि मंज़िल खास है। गिरना और फिर संभल जाना ही आपको मज़बूत बनाता है। उनकी हाज़िरजवाबी, जीवन के अनुभवों से सजी कहानियाँ और प्रेरणादायक संदेशों ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास का संचार किया। यह आयोजन न केवल मनोरंजन से भरपूर रहा, बल्कि हर विद्यार्थी के लिए प्रेरणा का एक सशक्त स्रोत भी सिद्ध हुआ।
प्रतियोगिताओं और सम्मान समारोह का भव्य आयोजन :
गीतांजली सिनेप्स–2026 के अंतर्गत विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मेडल और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। रंगारंग प्रस्तुतियों ने समारोह की गरिमा और उत्साह को नई ऊँचाइयों तक पहुँचा दिया।
