भव्य शोभायात्रा के साथ हिंदू नव वर्ष आयोजन

चित्तौड़गढ़ (मुकेश मुंदड़ा)। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा, हिंदू नव वर्ष के उपलक्ष में हिंदू नव वर्ष स्वागत आयोजन समिति द्वारा समारोह पूर्वक आयोजन किया गया । आयोजन के तहत प्रातः वर्ष प्रतिपदा हिंदू नव वर्ष के स्वागत हेतु शहर के प्रमुख चौराहों पर मातृशक्ति द्वारा मंगल तिलक कर नीम, मिश्री व काली मिर्च का प्रसाद वितरित कर शुभकामनाएं दी गई। संजय खाबिया व अभिषेक मूंदड़ा ने बताया कि सायंकाल मुख्य समारोह के रूप में इंदिरा गांधी स्टेडियम से विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा इंदिरा गांधी स्टेडियम से प्रारंभ होकर शास्त्री नगर चौराहा, कलेक्ट्रेट चौराहा, रोडवेज बस स्टैंड, गंभीरी पुलिया, अप्सरा चौराहा होकर सुभाष चौक पहुंची। मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा से भव्य स्वागत किया गया। शोभायात्रा में सर्व हिंदू समाज के महापुरुषों की झांकियां, उज्जैन महाकाल की सजीव झांकी, महापुरुषों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रही, जबकि सभी विद्यालयों, धार्मिक मंडल, प्रभात फेरियां, अन्य झांकियां तथा सर्व हिंदू समाज के महिला पुरुषों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। शोभायात्रा में गगन भेदी नारों के साथ मातृशक्ति व बहनों द्वारा पूरे जोश व उत्साह से हैरत अंगेज अखाड़ा प्रदर्शन किया गया। वीर-वीरांगनाओं और देश भक्ति के नारों व जयकारों के बीच बालिकाओं का अखाड़ा प्रदर्शन देखते ही बनता था। नन्ही बालिकाओं ने झांसी की रानी लक्ष्मीबाई और वीरांगनाओं की वेशभूषा में अनूठे करतब दिखाए। शोभायात्रा सुभाष चौक पहुंची, जहां सायंकाल भारत माता की आरती व प्रसाद वितरण के साथ समारोह का समापन किया गया। इस मौके पर हेमंत जैन, दिनेश चंद्र भट्ट, अनिरुद्ध सिंह भाटी, लक्ष्मी नारायण वेद आदि गणमान्य समाजसेवी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।