धूमधाम से मनाया महर्षि गौतम जन्मोत्सव एंव हिन्दू नववर्ष

चित्तौड़गढ़ (मुकेश मुंदड़ा)। गोतमेश्वर महादेव में गुर्जर गौड समाज द्वारा महर्षि गौतम जन्मोत्सव व हिंदू नव वर्ष प्रतिपदा बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सुंदरकांड का पाठ, नव संवत्सर की शुभकामनाएं, गौ सेवा, पूजन, अर्चना, हवन, फाग उत्सव, समाज का परिचय सम्मेलन, समाज की प्रतिभाओं का सम्मान तथा महा आरती व प्रसादी का आयोजन किया गया। शहर के मोहन नगर में गौतमेश्वर महादेव मंदिर में समस्त गुर्जर गौड ब्राह्मण समाज द्वारा गौतम जयंती महर्षि गौतम जन्मोत्सव एवं हिंदू नव वर्ष प्रतिपदा पर दो दिवसीय आयोजन हुए। बुधवार शाम को भव्य सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ो श्रद्धालुओं ने भाग लिया। बालाजी मित्र मंडल के कार्यकर्ताओं ने सुंदरकांड व भजनों की प्रस्तुतियां दी। गुरुवार सवेरे बिरला हॉस्पिटल के बाहर गौतम समाज के कार्यकर्ताओं ने लोगों को हिंदू नव वर्ष पर नीम मिश्री तथा काली मिर्च का प्रसाद वितरित कर तिलक लगाकर हिंदू नव वर्ष की बधाई दी। लाल जी का खेड़ा स्थित नंदिनी गौशाला में एक ट्रैक्टर हरा चारा तथा गोवंश को गुड का सेवन कराया गया। बीमार गायों के स्वस्थ होने की कामना की गई। दोपहर को हवन पूजन एवं अभिषेक का आयोजन हुआ जिसमें सुख समृद्धि शांति की कामना की गई। महिलाओं के फाग उत्सव का आयोजन हुआ जिसमें महिलाओं ने भजनों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दी। साथ ही गौतम समाज के परिचय सम्मेलन का आयोजन हुआ जिसमें समाज जनों ने आपस में अपना परिचय देकर समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। इस अवसर पर हुए आयोजनों में समाज की महिलाओं में विशेष उत्साह देखा गया। आयोजनों में पारंपरिक वेशभूषा में समाज के महिला पुरुषों ने भाग लिया।