नारायण चिल्ड्रन एकेडमी का ‘नन्हे सितारे’ वार्षिक उत्सव संपन्न

उदयपुर। नारायण सेवा संस्थान के सेवा महातीर्थ में संचालित नारायण चिल्ड्रन एकेडमी का 10वां वार्षिकोत्सव ‘नन्हे सितारे’ रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हर्षोल्लासपूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं संस्थापक-चेयरमैन कैलाश ‘मानव’, अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल तथा बड़गांव सरपंच संजय शर्मा एवं सुरेंद्र सलूजा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

Creative from India to the World


इस अवसर पर बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए नृत्य-नाटिका ‘मि. इंडिया’, गुजराती नृत्य ‘रमती आवजे माँ’, राजस्थान के लोक एवं भवई नृत्य, पंजाबी भंगड़ा तथा कठपुतली मंचन प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
आशीर्वचन देते हुए कैलाश ‘मानव’ ने कहा कि आज के बच्चे ही कल के भारत का भविष्य हैं। अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों को प्रेमपूर्ण वातावरण प्रदान करें, जिससे उनकी प्रतिभा का समुचित विकास हो सके।
अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि एकेडमी में श्रमिक एवं कमजोर आय वर्ग के 800 से अधिक बच्चों को एलकेजी से आठवीं तक अंग्रेजी माध्यम में निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जा रही है। प्रत्येक कक्षा में डिजिटल बोर्ड की सुविधा उपलब्ध है और यहां के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
एकेडमी की प्राचार्य अर्चना गोवलकर ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है, जब वह विद्यार्थियों की मानसिक स्थिति और स्तर को समझते हुए उनके समग्र विकास में सहायक बने। नारायण चिल्ड्रन एकेडमी इसी दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में कक्षा 7वीं के छात्र जयवर्धन देवड़ा ने एकेडमी की सहशैक्षिक गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। मंच संचालन दिव्यांशी देवड़ा एवं रवीना डांगी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मेघना डांगी द्वारा प्रस्तुत किया गया।