पिम्स मेवाड़ कप 2026: क्रॉसवर्ड व आदित्यम रियल स्टेट्स ने मुकाबले जीते

उदयपुर। फील्ड क्लब मैदान पर चल रही पिम्स मेवाड़ कप क्रिकेट प्रतियोगिता में गुरुवार को खेले गए मुकाबलों में क्रॉसवर्ड एवं आदित्यम रियल स्टेट्स की टीमों ने अपने खिलाड़ियों के हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर प्रतिद्वंद्वी टीमों को परास्त कर अगले दौर में प्रवेश किया। पिम्स सिटी हॉस्पिटल की ओर से आयोजित की जा रही इस प्रतियोगिता में गुरुवार को खेले गए पहले मुकाबले में पिम्स यूनाईटेड ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर प्रियम गर्ग के 32 बॉल में बनाए 64 रन की बदौलत 211 रन बनाए। नमन ओझा ने 41 रन का योगदान दिया । दोनों बल्लेबाजों ने धुंआधार बैटिंग का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित किया। क्रॉसवर्ड के शिवम शुक्ला ने तीन विकेट लिए। जवाब में क्रॉसवर्ड इंटरनेशनल स्कूल की टीम ने मात्र 12.2 ओवर में योजश आर शर्मा के 36 बॉल में 11 छक्कों और 10 चौकों की मदद से बनाए 116 रन की मदद से चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। योजश को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।


दोपहर बाद खेले गए दूसरे मुकाबले में मेवाड़ टूरिज्म क्लब ने 20 ओवर में चार विकेट खोकर 232 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। इसमें तेजेंद्र सिंह ढिल्लो ने 24 बॉल में दो छक्कों व छह चौकों की मदद से 50 रन, साहिल उल्लास पारख ने 33 बॉल में तीन छक्कों व पांच चौकों की मदद से 57 रन का योगदान दिया। जवाब में आदित्यम रियल स्टेट्स की टीम ने मात्र 18.4 ओवर में चार विकेट खोकर जीत के आवश्यक रन बना लिए। आदित्यम के अजय रोहेरा ने पांच छक्कों व 15 चौकों की बदौलत 55 गेंदों में 114 रन का योगदान दिया। अजय का मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।