रामनवमी पर पंचदेवरिया में श्रीराम के जयकारों के साथ श्री राम यज्ञ संपन्न

उदयपुर। पंचदेवरिया स्थित श्री संकट मोचन बालाजी मंदिर में श्री बजरंगबली प्रचार समिति के तत्वावधान में आयोजित नवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत गुरुवार को श्री राम यज्ञ एवं विविध धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुए।

Creative from India to the World

समिति व्यवस्थापक पंडित पवन कुमार सुखवाल ने बताया कि प्रातः 9:00 बजे 21 जोड़ों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्री राम यज्ञ का शुभारंभ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। दोपहर 12:00 बजे विधि-विधान से यज्ञ की पूर्णाहुति की गई। इस अवसर पर श्री राम दरबार को पीतांबर धारण कराया गया तथा श्री बालाजी महाराज को मखमली वस्त्र, रजत छत्र, कुंडल एवं चंवर से अलंकृत किया गया, जिससे मंदिर परिसर भक्ति भाव से सराबोर हो उठा।

दोपहर 12:30 बजे 21 आतिशी तोपों की सलामी के साथ श्री रामलीला की भव्य महाआरती की गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। महाआरती के पश्चात भक्तों में पंजरी प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन को सफल बनाने में मातृशक्ति का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने पूर्व में घर-घर जाकर पीले चावल वितरित कर श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया था। समिति ने सभी सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।