उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर के फील्ड क्लब में रविवार को प्रोफेशनल प्रीमियर टेनिस लीग (पीपीटीएल ) सीजन-3 में रोमांच बना रहा। पूरे टूर्नामेंट की तरह फाइनल मुकाबले भी हाई-इंटेंसिटी रैलियों, बेहतरीन नेट प्ले और दर्शकों के जोशीले उत्साह से भरपूर रहे। दिनभर चले निर्णायक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपने अनुभव, फिटनेस और मानसिक मजबूती का शानदार प्रदर्शन किया, जिसने इस लीग के तीसरे सीजन को यादगार बना दिया।
सबसे ज्यादा नजरें टीम इवेंट के फाइनल पर टिकी थीं, जहां जयपुर की टीए ऑल स्टार्स और देहरादून की टॉपस्पिन टाइटंस आमने-सामने थीं। दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन निर्णायक क्षणों में जयपुर की टीम ने ज्यादा संयम दिखाया। तेज सर्विस, बेसलाइन से दमदार रिटर्न और दबाव में सटीक शॉट्स के दम पर टीए ऑल स्टार्स ने 2-1 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया। जीत के साथ ही जयपुर कैंप में जश्न का माहौल बन गया और खिलाड़ियों ने ट्रॉफी के साथ अपनी मेहनत को यादगार बना दिया।


ओपन डबल्स वर्ग में भी मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। प्रतीशेखर और गौतम जैन की जोड़ी ने शुरुआत से ही आक्रामक रणनीति अपनाई। नेट पर बेहतरीन तालमेल और शानदार वॉली गेम के दम पर उन्होंने कार्तिक कन्नन और अतुल अरोड़ा को हराकर खिताब जीत लिया। यह मुकाबला तकनीकी रूप से टूर्नामेंट के सबसे मजबूत डबल्स मुकाबलों में से एक माना गया, जहां विजेता जोड़ी ने अनुभव और समझदारी का शानदार मिश्रण दिखाया।
100 प्लस वर्ग में मुकाबला दर्शकों के लिए किसी थ्रिलर से कम नहीं रहा। तपन शर्मा और विकास कालरा की जोड़ी ने बेहद करीबी मैच में गौरव भार्गव और जय गोरवक्सानी को 9-8 से हराया। एक-एक पॉइंट के लिए संघर्ष करते इस मैच में अंत तक परिणाम अनिश्चित बना रहा। दोनों टीमों ने शानदार रिटर्न गेम और डिफेंस दिखाया, लेकिन तपन-विकास की जोड़ी ने निर्णायक क्षणों में बढ़त बनाकर जीत दर्ज की।
इसी तरह 120 प्लस वर्ग में अनुभव का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। अनिल एमएम और बृजेश ने नियंत्रित और योजनाबद्ध खेल दिखाते हुए शरद मेहरा और अरविंद आर्याजी को 8-3 से पराजित किया। मैच में उनकी सर्विस होल्ड करने की क्षमता और विपक्षी की गलतियों का फायदा उठाने की रणनीति पूरी तरह सफल रही।
गर्ल्स फाइनल भी आकर्षण का केंद्र रहा, जहां युवा खिलाड़ी जनिस ने बेहतरीन आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए रमा को 7-2 से हराकर पहला स्थान हासिल किया। जनिस ने पूरे मैच में अपनी गति, फुटवर्क और शॉट प्लेसमेंट से प्रभावित किया। उनकी इस जीत ने यह भी साबित किया कि शहर में महिला टेनिस प्रतिभाएं तेजी से उभर रही हैं।
सीजन-3 के अंतर्गत खेले गए एटी प्लस वर्ग में प्रदीप पंत और संजय जैन की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रामकुमार चौधरी और सुरेंद्र पारक को हराकर खिताब अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ियों के बीच कोर्ट कवरेज और तालमेल देखने लायक रहा।
टूर्नामेंट का सबसे भावनात्मक और दर्शकों का पसंदीदा मुकाबला टेनिस टाइज के पिता-पुत्र वर्ग में देखने को मिला। यहां विरेंद्र सिंह और जसवीर की जोड़ी ने शानदार समझ और तालमेल का परिचय देते हुए अभिषेक तोसनीवाल और नमन तोसनीवाल को 6-2 से हराकर जीत हासिल की। इस मुकाबले ने खेल के साथ पारिवारिक जुड़ाव और पीढ़ियों के बीच तालमेल की खूबसूरती को भी सामने रखा। इस सफल आयोजन में मुख्य प्रायोजकों VinFast, Vivo, Amul, गैलेियम और केएमटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही फील्ड क्लब की कार्यकारिणी और आयोजन समिति के सदस्यों यशपाल सिंह सिसोदिया, कपिल टोडावत, विकास कालरा, संदीप भार्गव और कुनाल गांधी सहित पूरी टीम ने इसे यादगार बनाने में अहम योगदान दिया। पीपीटीएल सीजन-3 ने एक बार फिर साबित किया कि उदयपुर अब सिर्फ पर्यटन ही नहीं, बल्कि प्रतिस्पर्धी टेनिस का भी उभरता हुआ केंद्र बनता जा रहा है।
