उदयपुर । इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) उदयपुर के अध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता को वर्ष 2027-28 के लिए राजस्थान का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। कड़े और प्रतिस्पर्धात्मक चुनाव में उन्होंने रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया।
डॉ. गुप्ता पिछले दो दशकों से चिकित्सा क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए दक्षिण राजस्थान में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभा चुके हैं। उनके नेतृत्व और नवाचार पूर्ण सोच का ही परिणाम है कि अब उन्हें पूरे राज्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे वर्तमान में आईएमए उदयपुर के अध्यक्ष हैं और संगठन में सचिव, जोनल सचिव, सेंट्रल कमेटी
सदस्य सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। साथ ही आईएमए मेडिकल स्टूडेंट्स नेटवर्क के चेयरमैन एवं कोऑर्डिनेटर के रूप में भी उन्होंने उल्लेखनीय कार्य किया है। डॉ. गुप्ता को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए कई बार राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2024 में सर्वश्रेष्ठ शाखा, 2023 और 2021 में सर्वश्रेष्ठ स्थानीय अध्यक्ष तथा 2012 में सर्वश्रेष्ठ सचिव के राष्ट्रीय अवॉर्ड से नवाजा जा चुका है। उनकी इस जीत से चिकित्सा समुदाय में खुशी की लहर है। राज्यभर के चिकित्सकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके नेतृत्व में संगठन के और अधिक मजबूत होने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में नवाचार की उम्मीद जताई है।
डॉ. आनंद गुप्ता आईएमए राजस्थान के अध्यक्ष बने
