सालाना अस्सी हजार तथा कुल चार लाख रुपये की सीधे साहित्यकारों से होगी पुस्तक खरीद
चूरू। स्थानीय प्रयास संस्थान की पुस्तक उपहार योजना अंतर्गत राजकीय लोहिया महाविद्यालय में प्रोफेसर रहे नौरत्नचंद धारीवाल की स्मृति में उनके पुत्र सुनील, हेमंत, संजय धारीवाल चूरू अंचल के पुस्तकालयों को समृद्ध करेंगे।

प्रयास संस्थान के सचिव कमल शर्मा ने बताया कि धारीवाल परिवार पुस्तकालय समृद्धि एवं साहित्यकारों तक पुस्तकों की लागत पहुंचाने के पुनीत ध्येय से संचालित “प्रयास पुस्तक उपहार योजना” से जुड़ें हैं। इस संबंध में धारीवाल परिवार के हेमंत धारीवाल ने प्रयास संस्थान अध्यक्ष डाॅ. दुलाराम सहारण के साथ प्रतिवर्ष अस्सी हजार एवं पंचवर्षीय चार लाख रुपये की पुस्तकें क्रय का अनुबंध किया है। यह आयोजन प्रतिवर्ष प्रो. धारीवाल के स्मृति दिवस पर सितंबर माह में होगा। आयोजन में पुस्तकों पर संवाद, प्रश्नोतरी, समीक्षा, पत्रवाचन आदि प्रतियोगिताएं भी होंगी और विजेता प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित किया जाएगा।
संस्थान अध्यक्ष एवं राजस्थान साहित्य अकादमी के पूर्व अध्यक्ष डाॅ. दुलाराम सहारण ने बताया कि “पाठक के हाथ में पुस्तक, लेखक के हाथ में लागत” सोच के साथ संचालित इस योजना में चूरू अंचल एवं राजस्थानी भाषा की प्राथमिकता के साथ क्रमशः विस्तार दिया जाएगा।
