उदयपुर। चैत्र पूर्णिमा के पावन अवसर पर गुरुवार को पंचदेवरिया स्थित श्री संकट मोचन बालाजी मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। पूरे दिन चले धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया।

श्री बजरंगबली प्रचार समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। दोपहर में भगवान बालाजी महाराज का वैदिक विधि-विधान से मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक किया गया तथा विशेष श्रृंगार अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने तेल की धार पर हनुमान चालीसा एवं सुंदरकांड का पाठ कर अपनी आस्था प्रकट की।

समिति के व्यवस्थापक पं. पवन कुमार सुखवाल ने बताया कि सायंकाल 5.30 बजे नगर के 51 विद्वान पंडितों द्वारा वेदमंत्रों की गूंज के बीच तेल की धार पर भव्य रुद्राभिषेक किया गया, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात रात्रि 7 से 8 बजे तक श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया। रात्रि 8 बजे महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें दीपों की उजास और जयघोष के साथ पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर बालाजी महाराज को मखमली वस्त्र, रजत छत्र, कुंडल एवं चंवर धारण कराकर भव्य श्रृंगार किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं के लिए भंडारा प्रसादी का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर को फूलों, गुब्बारों और आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया गया था, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी भक्तों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
