उदयपुर। श्री रामभक्त उपासक मंडल द्वारा रानी रोड पर चित्रकूट धाम स्थित दक्षिणमुखी मंशापूर्ण हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस वर्ष आयोजन का मुख्य आकर्षण भगवान हनुमान को अर्पित किया गया भव्य छप्पन भोग अन्नकूट रहा, जिसने भक्तों को विशेष रूप से आकर्षित किया।
इस पावन अवसर पर चैत्र प्रतिपदा से ही अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ किया गया था, जो निरंतर जारी रहा। समापन के दिन 1008 हनुमान चालीसा का हवनात्मक पाठ कर विधिवत पूर्णाहुति दी गई। इसके पश्चात भगवान हनुमान का षोडशोपचार पूजन किया गया तथा पंचामृत एवं तैलाभिषेक के साथ भक्तों ने विशेष पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में नवीन ध्वजा का भी विधिवत आरोहण किया गया। साथ ही भगवान को छप्पन प्रकार के व्यंजनों से सुसज्जित अन्नकूट अर्पित किया गया, जिसका दर्शन कर भक्त भाव-विभोर हो उठे।
सेवा कार्यों के अंतर्गत आशा धाम आश्रम के अंध एवं बधिर बच्चों को भोजन कराया गया, जो इस आयोजन का एक संवेदनशील और प्रेरणादायक पहलू रहा। उदयपुर क्षेत्र के संत-महंतों की गरिमामयी उपस्थिति में हवन संपन्न हुआ तथा संतों को सादर भोजन भी कराया गया।
सांयकाल में 1008 दीपों से सजी भव्य सामूहिक आरती ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने सहभागिता निभाई। इसके पश्चात भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों ने भक्ति रस में डूबकर आनंद लिया।
अंत में विशाल सामूहिक भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

