चित्तौड़गढ़ (मुकेश मूंदड़ा )। सैनिक स्कूल में आयोजित हो रहे अखिल भारतीय आईपीएससी फुटबॉल टूर्नामेंट अंडर-14 बालिका वर्ग में देश के विभिन्न राज्यों से आई टीमों के बीच रोमांचक मुकाबलों का दौर जारी है। प्रतियोगिता में भाग ले रही बालिका खिलाड़ियों द्वारा अनुशासन, खेल भावना एवं उत्कृष्ट फुटबॉल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया जा रहा है। मैदान पर खिलाड़ियों का उत्साह और प्रतिस्पर्धा का जज्बा दर्शकों को भी रोमांचित कर रहा है। जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि प्रतियोगिता के अंतर्गत खेले गए मुकाबलों में सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्या देवी जिंदल स्कूल, हिसार को 2-1 से पराजित किया। मैच के दौरान दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ की खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल एवं रणनीति के दम पर जीत हासिल की। इस जीत से मेजबान टीम का मनोबल और आत्मविश्वास काफी बढ़ा है। एक अन्य मुकाबले में मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स राय हरियाणा ने हैदराबाद पब्लिक बेगमपेट तेलंगाना पर पूरी तरह दबदबा बनाए रखकर 4-0 से शानदार जीत दर्ज की। मैच के दौरान राय की टीम ने तेज आक्रमण, मजबूत रक्षा पंक्ति एवं बेहतरीन समन्वय का प्रदर्शन करते हुए विरोधी टीम को कोई अवसर नहीं दिया। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की दर्शकों ने जमकर सराहना की। संस्कार वैली स्कूल भोपाल एवं सिंधिया कन्या विद्यालय ग्वालियर के बीच खेला गया मुकाबला बेहद संघर्षपूर्ण रहा। दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाते हुए एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं। मैच के दौरान खिलाड़ियों की तेज गति, पासिंग और गोल बचाने की कला आकर्षण का केंद्र रही। वहीं पाइन ग्रोव स्कूल, सोलन एवं विद्या देवी जिंदल स्कूल, हिसार के बीच हुए मुकाबले में विद्या देवी जिंदल स्कूल ने 3-1 से प्रभावशाली जीत दर्ज की। मैच में हिसार की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाकर लगातार गोल दागते हुए विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा।

