चित्तौड़गढ़ (मुकेश मूंदड़ा )। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और स्थानीय बस्सी थाना पुलिस ने एक संयुक्त और बेहद सूझबूझ भरी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने बस्सी थाना क्षेत्र के बल्दरखा गांव में छापा मारकर भारी मात्रा में गांजे की अवैध खेती पकड़ी है। मौके से गांजे के 480 हरे पौधे और 860 ग्राम सूखा गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। टीम को पुख्ता मुखबिरी मिली थी कि बल्दरखा गांव में ज्वार की ऊंची फसल की आड़ में बड़े पैमाने पर गांजे की खेती की जा रही है। सूचना को तस्दीक करने और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने के लिए एएनटीएफ की टीम सादे कपड़ों में मजदूर बनकर खेतों में पहुंची। टीम के सदस्यों ने घूम-फिरकर जब तफ्तीश की, तो ज्वार के बीच छिपाकर उगाए गए गांजे के पौधे दिखाई दे गए। खेत के मालिक की पहचान नारायण लाल के रूप में होने के बाद टीम ने खेत पर अचानक दबिश दी। पुलिस टीम को देखकर आरोपी नारायण लाल ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद स्थानीय बस्सी थाना पुलिस को मौके पर बुलाया गया। स्थानीय पुलिस और एएनटीएफ टीम की संयुक्त तलाशी में खेत से अवैध गांजे के 480 पौधे, सूखा गांजा 860 ग्राम जब्त कर आरोपी नारायण लाल पुत्र हजारी जाट निवासी बल्दरखा को गिरफ्तरी किया गया। बस्सी थाना पुलिस ने एनडीपीएसएक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

