आबकारी आयुक्त ने विभागीय समीक्षा वीसी में अधिकारियों को दिए निर्देश
उदयपुर। आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने कहा कि राज्य सरकार की अपेक्षा के अनुरूप लक्ष्य में प्रगति आवश्यक है जिन जिलों में अपेक्षा के अनुरूप प्रगति नही है वहां जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभागीय लक्ष्यों के प्रति संवेदनशील होकर शत – प्रतिशत पूर्ण किया जाना चाहिए राजकीय कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार्य नही है। आबकारी आयुक्त विडियों काॅफ्रेंस के माध्यम से विभागीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेश में राजस्व बाकियात की वसूली के लिए अभियान चलाने, जिन जिलों में अपेक्षित प्रगति नही है वहां विशेष निरोधात्मक अभियान को 31 मई तक जारी रखने एवं जब्त वाहनों के निस्तारण हेतु जून माह में अभियान के तहत नियमानुसार नीलामी के निर्देश दिए।
बंदोबस्त का कार्य पूर्ण करें :
आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने प्रदेश में मदिरा दुकानों के बंदोबस्त के लिए 15 मई को नीलामी प्रक्रिया के तहत अलवर, उदयपुर, भरतपुर, भीलवाड़ा एवं हनुमानगढ़ जिलों में शत-प्रतिशत मदिरा दुकानों का बंदोबस्त पूर्ण होने पर संबंधित अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बंदोबस्त का कार्य अपेक्षा के अनुरूप है लेकिन कुछ जिलों में अपेक्षित प्रगति नही होने के कारण कुछ दुकानें शेष रह गई है। जिन जिलों में बंदोबस्त का कार्य पूर्ण नही हुआ है वहां संबंधित जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षकों की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। आबकारी आयुक्त ने अगली नीलामी प्रक्रिया में शेष दुकानों का भी बंदोबस्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
अवैध मदिरा पर प्रभावी कार्रवाई जारी रखे :
आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने प्रदेश में अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम के लिए एक मई से 15 मई तक चलाए गए विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत उदयपुर, हनुमानगढ़ एवं पाली जिलों को बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रकों से बड़ी मात्रा में अन्य राज्यों की अवैध अंग्रेजी मदिरा बरामद करने के कार्य की प्रशंसा करते हुए अन्य जिलों को भी बड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जिन जिलों में अभियान के तहत अपेक्षित प्रगति नही है वहां 31 मई तक विशेष निरोधात्मक अभियान जारी रखा जाएगा अतः जिलों में सूचना एवं मुखबिर तंत्र को मजबूत करते हुए अवैध मदिरा पर प्रभावी कार्यवही सुनिश्चित करें। बैठक में जिलेवार अभियान के तहत प्रगति एवं कार्रवाई की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
राजस्व प्राथमिकता :
आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने वीसी में कहा कि राज्य सरकार की अपेक्षा के अनुरूप राजस्व अर्जन विभाग की प्राथमिकता है अतः लक्ष्य के अनुरूप राजस्व के लिए जिलेवार, सर्कलवार रिव्यू करते हुए कार्ययोजना बनाकर कार्य करेंगे तो अपेक्षित लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सकेगा। उन्होंने प्रदेश में राजस्व बाकियात की वसूली के लिए जिलेवार लक्ष्य आवंटित करते हुए अभियान चलाने के निर्देष प्रदान करते हुए कहा कि जिन जिलों में राजस्व बाकियात अधिक है वे सजग होकर कार्य करते हुए नियमानुसार वसूली सुनिश्चित करें।
वीसी में मदिरा उठाव, जब्त वाहनों का निस्तारण, राजस्व वसूली, राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरण, शिकायतों का उचित निस्तारण आदि के संबंध में विस्तृत चर्चा कर अधिकारियों को निर्देशित किया गया। अतिरिक्त आबकारी आयुक्त पाॅलिसी प्रदीप सिंह सांगावत ने पीपीटी प्रजेन्टेषन के माध्यम से जिलेवार लक्ष्य व प्रगति के संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन प्रभा गौतम, वित्तिय सलाहकार सुनिता विजय, जिला आबकारी अधिकारी आदराम दहिया, उपायुक्त ईपीएफ प्रद्युम्न सिंह चुण्डावत सहित प्रदेश के समस्त जोन के अतिरिक्त आयुक्त, उपायुक्त ईपीएफ, जिला आबकारी अधिकारी, सहायक आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक, प्रहराधिकारी मौजूद रहे।

