उदयपुर। कंज्यूमर प्रोटेक्शन ऑर्गेनाइजेशन के पदाधिकारियों ने नारायण सेवा संस्थान के संस्थापक पद्मश्री कैलाश ‘मानव’ से शिष्टाचार भेंट की। संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्षा डॉ. राजश्री गाँधी ने पद्मश्री कैलाश ‘मानव’ के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “मानव सेवा ही सच्ची सेवा है”। आज नारायण सेवा संस्थान पूरे विश्व में दिव्यांगजन सेवार्थ निःशुल्क चिकित्सा, ऑपरेशन, कृत्रिम अंग वितरण एवं शिक्षा जैसे सेवा कार्य कर रहा है। संस्थान का सेवा प्रकल्प मानवता के लिए मिसाल है। कैलाश ‘मानव’ ने “नर सेवा नारायण सेवा” के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जिसने सेवा को अपना धर्म बना लिया, उसे ईश्वर को तलाश करने की आवश्यकता नहीं होती – ईश्वर उसे स्वयं ही तलाश लेते हैं। उन्होंने संगठन के सेवा कार्यों की सराहना की। संगठन की ओर से कैलाश ‘मानव’ को सम्मान पत्र एवं उपरना भेंट कर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय समन्वयक शिरीष नाथ माथुर, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत झा, जिला अध्यक्ष प्रवीण नाहर, कोषाध्यक्ष संतोष शाक्य एवं जिला संयोजक सुरेश पालीवाल, कुलदीप सिंह, गोविंद सिंह, लोकेश, तनसुख भी उपस्थित रहे।

