चित्तौड़गढ़ (मुकेश मूंदड़ा )। अरबन को-ऑपरेटिव बैंक लि. ने अपनी स्थापना के 25 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिए हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में आगामी 23 मई को एक भव्य रजत जयन्ती गौरव महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। समारोह में पंजाब के राज्यपाल एवं चण्डीगढ़ के प्रशासक गुलाब चन्द कटारिया, राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और सहकारिता मंत्री. गौतम दक सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी शिरकत करेंगे। बैंक अध्यक्ष डॉ आई एम सेठिया ने बताया कि 11 नवंबर, 1999 को सहकारी समिति के रूप में पंजीकरण के बाद, 14 मई, 2001 को संत रामदयाल के कर-कमलों से बैंक की प्रथम शाखा की शुरुआत हुई थी। शुरुआती दौर में महज 1250 सदस्यों से 1000 प्रति व्यक्ति लेकर 12.50 लाख की मामूली पूंजी से शुरू हुआ यह सफर आज एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है। वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 तक बैंक की जमाएं 162 करोड़ और ऋण 78 करोड़ के साथ कुल व्यवसाय 240 करोड़ के पार पहुंच गया है। बैंक की नेटवर्थ भी बढ़कर 17.45 करोड़ हो चुकी है, जो इसकी वित्तीय मजबूती को दर्शाती है।
7 शाखाओं के साथ डिजिटल बैंकिंग में अग्रणी :
बैंक ने कड़ी व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा के बीच राष्ट्रीयकृत और निजी बैंकों के समकक्ष आधुनिक सेवाएं प्रदान की हैं। वर्तमान में बैंक 7 शाखाओं के माध्यम से 2 जिलों के लगभग 20 हजार ग्राहक परिवारों को अपनी सेवाएं दे रहा है। 2001 में मात्र 4 कर्मचारियों से शुरू हुआ यह बैंक आज 48 परिवारों का आर्थिक आधार है। सीबीएस तकनीकी से लैस इस बैंक में ग्राहक मोबाइल बैंकिंग, डेबिट कार्ड, आरटीजीएस, आईएमपीएस और एनईएफटी जैसी आधुनिक ऑनलाइन सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं। साथ ही साइबर सुरक्षा के लिए आरबीआई के सभी कड़े मानकों को पूरा किया गया है।
गांधीनगर में बन रहा भव्य प्रधान कार्यालय :
बैंक की प्रगति में एक नया अध्याय जोड़ते हुए दुर्ग की तलहटी में स्थित गांधीनगर में 7680 वर्ग फीट भूमि पर स्वयं के भव्य प्रधान कार्यालय का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिसका शिलान्यास पिछले वर्ष 7 जून 2025 को राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और आरबीआई निदेशक सतीश मराठे के सानिध्य में हुआ था। आगामी 4-5 महीनों में यह भवन बनकर तैयार हो जाएगा, जिसमें प्रधान कार्यालय के साथ एक नई शाखा और आमजन की सुरक्षा के लिए एक वृहद लॉकर हाऊस भी प्रस्तावित है।
पुरस्कारों से नवाजी गई कार्यशैली :
सतत विकास और बेहतरीन प्रबंधन के चलते बैंक को समय-समय पर बेस्ट चेयरमेन अवॉर्ड, बेस्ट एम.डी. अवॉर्ड, बेस्ट ऑडिट और बेस्ट एनपीए मैनेजमेंट जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है। राजस्थान में स्थापना के समय 43वें स्थान पर रहने वाला यह बैंक आज अपनी अटूट साख के बल पर 17-18वें पायदान पर आ खड़ा हुआ है। बैंक प्रबंध निदेशक वंदना वजीरानी ने शहरवासियों और मीडिया जगत के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जन विश्वास ही हमारी पूँजी और विकास का मुख्य आधार है। बैंकिंग के साथ-साथ संस्था ने सामाजिक सरोकारों आई कैम्प, मेडिकल कैम्प और साइबर जागरूकता प्रशिक्षण में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। इस गौरवशाली क्षण को पूरे शहर के आर्थिक सशक्तिकरण के उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है।

