राजस्थान विद्यापीठ के कंप्यूटर विभाग में भव्य फेयरवेल समारोह का आयोजन

उदयपुर : जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी) के संघटक विभाग, डिपार्टमेंट ऑफ कंप्यूटर साइंस एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में बीसीए, एमसीए, एमएससी तथा पीजीडीसीए अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए एक भव्य एवं भावनात्मक विदाई समारोह (Farewell Function) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरा परिसर उत्साह, भावनाओं और प्रेरणादायक संदेशों से सराबोर दिखाई दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय कुलपति प्रो. एस. एस. सारंगदेवोत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में परिस्थितियाँ कभी भी एक समान नहीं रहतीं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता उन्हीं को मिलती है जो बदलती परिस्थितियों में स्वयं को ढालना सीखते हैं और चुनौतियों का डटकर सामना करते हैं। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही विद्यार्थियों को भविष्य में आगे बढ़ाती है।
विशिष्ट अतिथि माननीय कुलाधिपति बी. एल. गुर्जर ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सीखने की प्रक्रिया कभी समाप्त नहीं होती। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर ज्ञान अर्जित करने, नए कौशल विकसित करने और तकनीकी बदलावों के साथ स्वयं को अपडेट रखने की प्रेरणा दी।
संस्थान की निदेशक प्रो. मंजू माण्डोत ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने अपने अध्ययन काल में जो तकनीकी ज्ञान और अनुभव प्राप्त किया है, उसका उपयोग समाज के हित और राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, समर्पण और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. मनीष श्रीमाली ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में तकनीकी कौशल (Technical Skills) का सही दिशा में उपयोग करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपनी उन्नत तकनीकी क्षमताओं का उपयोग नवाचार (Innovation) और समाज के विकास में करें। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. भारत सिंह देवड़ा द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने सभी अतिथियों, स्टाफ और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल एवं सुचारु संचालन डॉ. भरत सुखवाल ने किया।
इस अवसर पर विभाग के समस्त संकाय सदस्य जिनमें डॉ. दिलीप चौधरी, श्री मुकेश नाथ, श्री दुर्गाशंकर, मनोज यादव डॉ. रीना मेनारिया, श्री त्रिभुवन सिंह बमनिया, मानसी नागर, चिराग दवे सहित सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने इस विदाई समारोह को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। समारोह के दौरान विद्यार्थियों के चेहरे पर जहां विदाई की भावनात्मक छाप दिखाई दी, वहीं भविष्य की नई संभावनाओं को लेकर उत्साह और आत्मविश्वास भी झलकता रहा। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जिसमें विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

Creative from India to the World