पिछले साल जून के मुकाबले 11 करोड़ ज्यादा चढ़ावा, सांवलिया सेठ के भंडार ने बनाया नया आंकड़ा
चित्तौड़गढ़। प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री सांवलिया सेठ मंदिर में जून महीने के मासिक भंडार की गणना पूरी हो गई है। हर महीने की तरह इस बार भी मंदिर मंडल की मौजूदगी में भंडार खोला गया और प्राप्त राशि की सार्वजनिक गणना की गई।
मंदिर मंडल के अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव ने बताया कि जून महीने के भंडार की गणना 7 चरणों में पूरी की गई, जिसमें प्राप्त नकदी, सोना-चांदी और अन्य चढ़ावे की गिनती की गई। इस बार श्री सांवलिया सेठ मंदिर के भंडार से कुल 40 करोड़ 81 लाख 40 हजार 278 रुपए की राशि प्राप्त हुई है।
इसमें भंडार से 33 करोड़ 15 लाख 18 हजार 759 रुपए तथा ऑनलाइन और भेंटकक्ष से 7 करोड़ 66 लाख 21 हजार 519 रुपए प्राप्त हुए।
गणना के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित 1 किलो 738 ग्राम 800 मिलीग्राम सोना और 110 किलो 648 ग्राम चांदी भी प्राप्त हुई है।
पिछले साल जून महीने में हुई भंडार गणना की तुलना में इस बार चढ़ावे में 11 करोड़ 28 लाख 17 हजार 863 रुपए की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले वर्ष 24 जून 2025 को हुई गणना में कुल 29 करोड़ 53 लाख 22 हजार 415 रुपए प्राप्त हुए थे, जो इस बार बढ़कर करीब 40.81 करोड़ रुपए तक पहुंच गए हैं। मंदिर मंडल के अनुसार, चढ़ावे में हुई यह बढ़ोतरी श्रद्धालुओं की श्री सांवलिया सेठ के प्रति बढ़ती आस्था और विश्वास को दर्शाती है।
भंडार गणना के दौरान मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव, मुख्य कार्यपालक अधिकारी दिनेश चंद्र धाकड़, सदस्य किशन लाल अहीर, पवन तिवारी, रामलाल गुर्जर, हरिराम गाडरी, प्रथम प्रशासनिक अधिकारी शिव शंकर पारीक, कार्यवाहक द्वितीय प्रशासनिक अधिकारी मनोहर लाल शर्मा, मंदिर प्रभारी भेरू गिरी गोस्वामी, रोकड़ शाखा के जितेंद्र त्रिपाठी, सहायक सुरक्षा प्रभारी बिहारी लाल गुर्जर सहित बैंक कर्मचारी और मंदिर मंडल के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

