उदयपुर : महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल, द सिटी पैलेस, उदयपुर के इंटेक हेरिटेज क्लब का वार्षिक अलंकरण समारोह ‘सेलिब्रेटिंग डाइवर्सिटी’ विषय के साथ उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करना था।
समारोह के मुख्य अतिथि गौरव सिंघवी (सह संयोजक, इंटेक उदयपुर चौप्टर) थे। विशिष्ट अतिथियों में महीप भटनागर, अर्जुन पंचोली, श्रीमती डॉली मोगरे, ओशिन शर्मा, लोकेश गांधी (आजीवन सदस्य, इंटेक), विद्यालय के मानद निदेशक सतीश कुमार शर्मा तथा प्रधानाध्यापिका श्रीमती राखी त्रिवेदी उपस्थित रहे। मानद निदेशक ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के प्रारम्भ में छात्रा रुद्राक्षी शक्तावत ने सत्र 2025-26 की वार्षिक गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अंतर्गत समूह गीत, श्लोक पाठ, कविता, एकल नृत्य एवं कृष्ण रास ने दर्शकों का मन मोह लिया। छात्र रिदित जोशी के श्लोक पाठ तथा छात्रा मणिकर्णिका द्वारा प्रस्तुत ‘कृष्ण की चेतावनी’ कविता को विशेष सराहना मिली। समारोह में छात्रा जेमिनी पूर्बिया को क्लब अध्यक्ष तथा अशर हुसैन, लविशा सेन, हिमाक्षी पारख एवं रुद्राक्षी शक्तावत को कार्यकारी अधिकारी चुना गया। गौरव सिंघवी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बैज पहनाकर शपथ दिलाई तथा वार्षिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल के इंटेक हेरिटेज क्लब को देश का द्वितीय सर्वश्रेष्ठ हेरिटेज क्लब चुने जाने पर विद्यालय को प्रशस्ति-पत्र एवं ₹3000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं हर्षी पारख एवं आराध्या सिंह को ‘बेस्ट हेरिटेज क्लब स्टूडेंट’ सम्मान से अलंकृत किया गया।
अपने संबोधन में गौरव सिंघवी ने विद्यार्थियों से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। मानद निदेशक ने क्लब की राष्ट्रीय उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों एवं प्रभारियों के समर्पण की सराहना की और उन्हें विरासत संरक्षण के प्रति निरंतर सक्रिय रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन एवं आयोजन इंटेक प्रभारी श्रीमती प्रतिमा पालीवाल, सुश्री सबा शौकत, श्रीमती सुनीता सिसौदिया एवं श्रीमती अनुराधा पुजारी के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। अंत में नवनिर्वाचित क्लब अध्यक्ष जेमिनी पूर्बिया ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

