दो दिन से लापता  बुजुर्ग पति-पत्नी के शव घर में बक्से में बंद मिले

उदयपुर : जिले के सायरा थाना के पुनावली गांव में दो दिन से लापता  बुजुर्ग पति-पत्नी के शव घर में बक्से में बंद मिले।
थानाधिकारी शैतान सिंह नाथावत ने बताया कि  पुनावली गांव निवासी लहरी लाल पालीवाल (65) और उनकी पत्नी राधा देवी (62) घर में अकेले ही रहते थे । दोनों  12 अगस्त सुबह से लापता थे। लहरीलाल दूध बेचते थे। जब वे दूध देने नहीं पहुंचे तो पड़ोसी ने घर जाकर देखा। दरवाजा खुला था और अंदर कोई नहीं था।  पड़ोसियों ने राजकोट (गुजरात) में नौकरी करने वाले उनके बेटे मनोहर को सूचना दी। मनोहर ने अपने रिश्तेदारों को फोन कर घर जाने और आसपास तलाश करने को कहा। रिश्तेदारों को भी उनका कुछ पता नहीं चला। माता-पिता के लापता होने की खबर सुनकर मनोहर सायरा पहुंचा और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई। बेटे मनोहर ने बताया कि उसकी मंगलवार रात को माँ से फोन पर बात हुई थी। इसके बाद वे सो गईं। बुधवार सुबह उनके घर में नहीं होने की जानकारी मिली। इस पर  गुरुवार को ग्रामीणों ने थाने का घेराव करते हुए प्रदर्शन किया था। उन्होंने बुजुर्ग पति-पत्नी को जल्द तलाशने की मांग की थी।
एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि आशंका है कि मंगलवार देर रात बदमाशों ने दोनों की हत्या कर दी । इसके बाद शव थैली में भरकर बक्से में रख दिए और उसके ऊपर बिस्तर रख दिए ताकि किसी को पता नहीं लगे। पुलिस संदिग्धों और पड़ोसियों से पूछताछ करते हुए मामले की जांच में जुटी है। 

Creative from India to the World