दृश्यकला विभाग में विश्व फोटोग्राफी दिवस पर छायाचित्रों की प्रदर्शनी

उदयपुर। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के दृश्य कला विभाग द्वारा सोमवार को तीन दिवसीय फोटोग्राफी प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
प्रदर्शनी में विभाग के विद्यार्थियों के लगभग 100 छायाचित्र प्रदर्शित किए गए। इन तस्वीरों में शहर के ऐतिहासिक स्थलों, लोक जीवन, संस्कृति एवं प्रकृति को दर्शाया गया है। साथ ही शहर के प्रसिद्ध फोटो जर्नलिस्ट श्री राजदीप राकेश शर्मा के छायाचित्र भी प्रदर्शित किए गए, जिनमें उदयपुर शहर की कहानी और ग्रामीण जनजीवन को खूबसूरती से दर्शाया गया है।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. कैलाश डागा ने अपने संदेश में कहा कि फोटोग्राफी युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और विरासत को नई दृष्टि से देखने का अवसर देती है। आर्ट्स कॉलेज अधिष्ठाता प्रो. नीरज शर्मा ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी से विद्यार्थियों को प्रोत्साहन मिलता है। विभागाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर वशिष्ठ ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजन निरंतर किए जाएंगे ताकि विद्यार्थियों को मंच मिल सके। मुख्य अतिथि राजदीप शर्मा ने विद्यार्थियों को फोटोग्राफी के तकनीकी पहलुओं और व्यावसायिक संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर चयनित छाया चित्रों को पुरस्कृत किया गया। प्रथम पुरस्कार काेईना दवे, द्वितीय ललित डांगी, तृतीय अनन्या शर्मा एवं हर्षिता गौड़ एवं तीन सांत्वना पुरस्कार हितेश प्रजापत, रेणु जैन, भगवती रहे। कार्यक्रम में विभाग के डॉ शाहिद परवेज, डॉ दीपिका माली, डॉ गौरव शर्मा, डॉ यामिनी शर्मा, प्रो रघुनाथ शर्मा, सुरेश पालीवाल, डॉ मनीष, डॉ गिरिराज, डॉ सचिन दाधीच, प्रभुलाल, डॉ मयंक शर्मा, मीनाक्षी रतलिया, शर्मिला राठौर एवं समस्त संकाय सदस्य, विद्यार्थी एवं कला प्रेमी उपस्थित रहे।