उदयपुर : होटल हेवर्ड जॉन्सन में इंडियन रबर इंडस्ट्रीज (IRI) ने अपना 37वाँ स्थापना दिवस भव्य समारोह के रूप में मनाया। इस अवसर पर रबर एवं रबर प्रौद्योगिकी के वैज्ञानिकों, आपूर्तिकर्ताओं तथा टायर एवं रबर उद्योग से जुड़े 100 से अधिक प्रतिनिधियों ने भागीदारी की। समारोह का मुख्य विषय “शिक्षा, नवाचार एवं उत्कृष्टता” रहा। समारोह का शुभारंभ प्रातः 9 बजे रजिस्ट्रेशन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सुप्रसिद्ध तकनीकी विशेषज्ञ डॉ. सुनील जगसिया ने स्वागत भाषण दिया।
संस्थान के निदेशक चेयरमैन डॉ. रविन्द्र मुखोपाध्याय ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया और रबर उद्योग के समक्ष मौजूद वर्तमान चुनौतियों पर विस्तृत व्याख्यान दिया। जे.के. टायर के तकनीकी विशेषज्ञ विजय कुमार मिश्रा ने भी सभा को संबोधित किया। तकनीकी सत्र के दौरान जे.के. टायर के वाइस प्रेसिडेंट मुकुल जैन ने “टायर इंडस्ट्री में टेक्नोलॉजी अपग्रेडेशन”, लेक्सस कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट एवं कस्टमर हेड ने “संधारणीय सामग्री (Sustainable Product)” तथा जे.के. टायर के मुख्य महाप्रबंधक राजीव भटनागर ने “टायर उद्योग एवं सहयोगी पारिस्थितिकी तंत्र” विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। समारोह में नव नियुक्त उपाध्यक्ष रवि सोनी, चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर, रवि सोनी ग्रुप ऑफ़ कंपनीज ने बताया कि टायर एवं रबर उद्योग के विकास, प्रशिक्षण, अनुसंधान के क्षेत्र में युवाओं को जोड़ने के प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने इस हेतु हार्दिक आभार प्रकट किया और आश्वस्त किया कि वे स्वयं युवाओं के लिए रोजगार के अवसर प्रदान करेंगे।
इसी अवसर पर 47 विद्यार्थियों को आई.आर.आई. की डिप्लोमा परीक्षा के प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। डॉ. नरेंद्र कुमार शर्मा ने भविष्य में टायर एवं रबर उद्योग के तकनीकी विकास पर विचार व्यक्त किए। पी. के. दुबे ने धन्यवाद ज्ञापन किया। पूरे कार्यक्रम का सफल संयोजन विक्रम सिंह कुमावत, प्राध्यापक, विद्या भवन ने किया।
इंडियन रबर इंडस्ट्रीज का 37वाँ स्थापना दिवस समारोहपूर्वक मनाया
