उदयपुर । राजस्थान स्टेट बैडमिंटन सब जूनियर अंडर 17 चैंपियनशिप गुरुवार को संपन्न हुई। आयोजन सचिव सुधीर बक्शी ने बताया कि प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्य अतिथि पंजाब के राज्यपाल व चंण्डीगड के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया रहे। समारोह में भारतीय बैडमिंटन के पूर्व उपाध्यक्ष अरविंद सिंघल, पूर्व अध्यक्ष राजस्थान बैडमिंटन संघ राज लोढ़ा , जॉइंट सेकेट्री जीएसटी रोशन बड़ालिया उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गुलाबचंद कटारिया ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना पैदा करता है। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में जिस मेहनत और खेल भावना का प्रदर्शन किया है, वह सराहनीय है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने तथा राज्य एवं देश का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
भारतीय बैडमिंटन के पूर्व उपाध्यक्ष अरविंद सिंघल ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कम उम्र में इस स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण अनुभव है। जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण लगातार मेहनत करना, अपनी कमियों को सुधारना और खेल भावना के साथ आगे बढ़ना है। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया।
इससे पूर्व राजस्थान स्टेट सब जूनियर (अंडर -17) बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित किया। प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला।
उपाध्यक्ष भगवान वैष्णव ने बताया कि मिक्स्ड डबल्स अंडर-17 फाइनल में कंदर्प शर्मा और देशना जैन (जयपुर) ने मानस गेहलोत और लुक्षिता भारद्वाज (जोधपुर) को 15-9, 18-20, 15-6 से हराकर खिताब जीता।
गर्ल्स सिंगल्स अंडर-17 फाइनल में नेहल सिसोदिया (उदयपुर) ने रितिका झामनानी (कोटा) को 13-15, 15-13, 15-12 से हराया। बॉयज सिंगल्स अंडर -17 में श्रेयान्श चौधरी (जयपुर) ने कंदर्प शर्मा (जयपुर) को 15-13, 15-13 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
गर्ल्स डबल्स अंडर-17 फाइनल में आराध्या जोधा और देशना जैन (जयपुर) ने काव्या जोशी (कोटा) और लुक्षिता भारद्वाज (जोधपुर) को 15-10, 6-15, 15-10 से शिकस्त दी। वहीं बॉयज डबल्स अंडर-17 फाइनल में हरमन पंडित (उदयपुर) और कंदर्प शर्मा (जयपुर) ने रुद्राक्ष मिड्ढा और उत्कर्ष सिंह राठौड़ (जयपुर) को 15-10, 15-11 से हराकर खिताब जीता।
उदयपुर की नेहल सिसोदिया ने जीता गर्ल्स सिंगल्स अंडर -17 का खिताब
