उदयपुर । नगरीय निकाय चुनाव- 2026 के तहत निकायों के अध्यक्षीय पद के लिए निर्वाचन सोमवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। उदयपुर में भाजपा प्रत्याशी पारस सिंघवी नए महापौर बने। वहीं वल्लभनगर और मावली में भाजपा और भीण्डर और कानोड़ में कांग्रेस प्रत्याशी विजयी रहे। उधर, फतहनगर सनवाड़ में निर्दलीय प्रत्याशी अध्यक्ष चुनी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने बताया कि नगर निगम उदयपुर सहित भींडर, वल्लभनगर, कानोड़, मावली एवं फतहनगर सनवाड नगरपालिकाओं में सोमवार सुबह 10 बजे से अध्यक्षीय पदों के लिए मतदान प्रारंभ हुआ। इसमें निर्वाचित पार्षदगण ने मतदान किया। मतदान समाप्ति के बाद मतगणना की गई। उदयपुर नगर निगम में कुल 80 पार्षदों ने मतदान किया। इसमें भाजपा प्रत्याशी पारस सिंघवी को 55 और कांग्रेस प्रत्याशी डॉ पूनम कुंवर को 25 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार भाजपा प्रत्याशी श्री सिंघवी 30 मतों से विजयी घोषित हुए। रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम गिर्वा अवुला सांईकृष्ण ने उन्हें प्रमाण पत्र सौंपा तथा शपथ दिलाई। इस दौरान सहायक रिटर्निंग अधिकारी एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा भी उपस्थित रहे। इससे पूर्व नगर निगम परिसर में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच मतदान प्रक्रिया हुई। दोनों पक्षों के निर्वाचित पार्षद नगर निगम पहुंचे तथा मतदान किया। इस दोनों बड़ी संख्या में समर्थक भी उपस्थित रहे।
उधर, नगरपालिका भीण्डर में कांग्रेस के सुंदरलाल को 14 और भाजपा की मीना देवी को 11 मत मिले। सुंदरलाल 3 मतों से विजयी रहे। नगरपालिका वल्लभनगर में भाजपा की सोवनी देवी को 16 और कांग्रेस की रामी देवी को 4 मत मिले। सोवनी देवी 12 मतों से विजयी रही। नगरपालिका मावली में भाजपा के राकेश कुमार मीणा को 11 और कांग्रेस की पुष्पा कुमारी को 10 मत मिले। राकेश कुमार 1 मत से विजयी रहे। नगरपालिका कानोड़ में कांग्रेस के रोनक स्वर्णकार को 14 और भाजपा के शिवकुमार सोनी को 6 मत मिले। रोनक 8 मतों से विजय हुए। फतहनगर-सनवाड़ में निर्दलीय ममता देवी को 14 और भाजपा की सीमा देवी को 11 मत मिले। निर्दलीय प्रत्याशी 3 मतों से विजयी रही।
उपाध्यक्षीय पदों के लिए निर्वाचन मंगलवार को :
नगरीय निकाय चुनावों की अंतिम कड़ी के रूप में उपाध्यक्षीय पदों के चुनाव मंगलवार को होंगे। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार सुबह 10 बजे नगर निगम सहित जिले की सभी नगरपालिकाओं में बैठक प्रारंभ होगी। 11 बजे तक नामांकन प्रस्तुत किया जा सकेगा। 11.30 बजे नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। नाम वापसी का अंतिम समय दोपहर 2 बजे तक रहेगा। इसके बाद आवश्यकता होने पर दोपहर 2.30 बजे से 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।
