उदयपुर : जोनल रेलवे ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, उदयपुर में आधुनिक कंप्यूटर आधारित परीक्षा सीबीटी केंद्र शुरू किया गया है। यह केंद्र डिजिटल प्रशिक्षण एवं परीक्षा सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
नवनिर्मित सीबीटी केंद्र देशभर में भारतीय रेल के जेडआरटीआई संस्थानों में स्थापित अपनी तरह की आधुनिक सीबीटी प्रयोगशालाओं में से एक है। यह केंद्र प्रशिक्षण एवं परीक्षाओं के लिए आधुनिक, तकनीक-सक्षम एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराएगा।हाल ही में उदयपुर दौरे पर पंकज शर्मा, महाप्रबंधक उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा इस केंद्र का शुभारंभ किया गया ।
इस सीबीटी केंद्र की स्थापना का कार्य मैसेज स्मार्टमाईल ग्लोबल टेक्नोलॉजिज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा जय प्रकाश, प्रधानाचार्य, जेडआरटीआई उदयपुर तथा रामावतार मीणा, वरिष्ठ संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर, अजमेर मंडल के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया । इस सुविधा के शुरू होने से नामित अभ्यर्थी शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण में कंप्यूटर आधारित प्रशिक्षण एवं परीक्षाएं दे सकेंगे। साथ ही, परीक्षा परिणाम रियल-टाइम आधार पर उपलब्ध होने से परीक्षा प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी एवं प्रभावी होगी। सीबीटी केंद्र की स्थापना डिजिटल प्रशिक्षण एवं परीक्षा अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे अभ्यर्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण, परीक्षा एवं मूल्यांकन की बेहतर सुविधा प्राप्त होगी।
क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान में अत्याधुनिक सीबीटी परीक्षा केंद्र शुरू
