परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग, गीतांजलि हॉस्पिटल, आधार फाउंडेशन ट्रस्ट और रोटरी क्लब पन्नाधाय के संयुक्त पहल, सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का शुभारंभ
उदयपुर। सड़क पर बरती गई एक छोटी-सी लापरवाही किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। इसी संदेश के साथ परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग, गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, आधार फाउंडेशन ट्रस्ट और रोटरी क्लब पन्नाधाय के सहयोग से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान की शुरुआत की। अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली जनहानि को कम करने के लिए आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर आरटीओ कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अभियान के पोस्टर एवं जागरूकता संदेश का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में श्री ज्ञानदेव जी विश्वकर्मा (क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, आरटीओ), कल्पेश चंद राजबर (हेड ऑफ मार्केटिंग, गीतांजलि हॉस्पिटल), श्री नारायण चौधरी (डायरेक्टर, आधार फाउंडेशन ट्रस्ट), रोटरी क्लब पन्नाधाय से श्री भानुप्रताप सिंह, श्री राजेंद्र अग्रवाल, श्रीमती पूनम अग्रवाल, श्री गजेंद्र जोधावत एवं श्रीमती रुखसाना साबुनवाला सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
व्यावसायिक वाहन चालकों से आमजन तक पहुंचेगा संदेश
सड़क सुरक्षा जागरूकता माह के अंतर्गत चलाए जा रहे इस अभियान में ऑटो रिक्शा, एम्बुलेंस, बस और स्कूल बस चालकों सहित विभिन्न श्रेणियों के वाहन चालकों को जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही कार्यालय जाने वाले लोगों, विद्यार्थियों, व्यवसायियों और आम नागरिकों को भी इस पहल से जोड़ने का प्रयास रहेगा। अभियान के माध्यम से हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, नशे में वाहन नहीं चलाने और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष जोर दिया जाएगा।
बच्चों और युवाओं को भी किया जाएगा जागरूक
अभियान में स्कूली बच्चों और युवाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्हें सड़क पार करने के सुरक्षित तरीके, यातायात संकेतों की जानकारी और सुरक्षित यात्रा के महत्व से अवगत कराया जाएगा। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी में शुरुआत से ही सड़क सुरक्षा के प्रति अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है, ताकि वे स्वयं नियमों का पालन करने के साथ अपने परिवार और समाज को भी जागरूक कर सकें।
दुर्घटनाओं की रोकथाम भी है चिकित्सकीय जिम्मेदारी
गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल एक इमेरेजेंसी एवं ट्रोमा सेन्टर 24X7 होने के नाते सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले मरीजों, उनकी गंभीर चोटों और उपचार के दौरान आने वाली चुनौतियों को करीब से समझता है। इसी दृष्टिकोण के साथ संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष सड़क सुरक्षा जागरूकता की पहल की जाती है। संस्थान का मानना है कि दुर्घटना के बाद बेहतर उपचार के साथ-साथ दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जागरूकता और सावधानी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
अभियान का संदेश है – “रोड सेफ्टी इज़ नॉट एन ऑप्शन, इट इज़ अ रिस्पॉन्सिबिलिटी” अर्थात सड़क सुरक्षा कोई विकल्प नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। आयोजकों ने आमजन से अपील की कि वे यातायात नियमों को केवल औपचारिकता न समझें, बल्कि अपनी आदत में शामिल करें, क्योंकि सड़क पर हमारी सावधानी किसी की जिंदगी बचा सकती है।
सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, जीवन बचाने की जिम्मेदारी
